मानदेय बढ़ने की सौगात से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर
मानदेय बढ़ने की सौगात से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर

09 Sep 2026 |   30



मानदेय बढ़ने की सौगात से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर

अयोध्या से सीएम योगी के कार्यक्रम का तुलसीसदन सभागार में हुआ सजीव प्रसारण,स्वास्थ्य बीमा समेत कई घोषणाओं का स्वागत

ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

प्रतापगढ़।तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में मंगलवार को अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान,नव नियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण और महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों से जुड़े कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।

सीएम योगी ने कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की।इसके साथ ही 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कवर और अतिरिक्त साड़ी के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा भी की गई।

मानदेय में वृद्धि और अन्य सुविधाओं की घोषणा का तुलसीसदन सभागार में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने स्वागत किया।घोषणा के बाद उनमें खुशी का माहौल दिखाई दिया। कार्यकत्रियों ने इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानदेय बढ़ने से उनका मनोबल बढ़ेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने मानदेय वृद्धि की घोषणा को सराहनीय बताते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।इनमें अनुपूरक पुष्टाहार, शालापूर्व शिक्षा,पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा,टीकाकरण,स्वास्थ्य जांच,संदर्भन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल रहीं।

इस दौरान सामुदायिक गतिविधियों के तहत पांच गर्भवती लाभार्थियों सुमन,प्रियंका,नंदनी,अंजली और निधि की गोदभराई कराई गई।दो लाभार्थियों रेयांश और बेबी का अन्नप्राशन कराया गया,जबकि नैना,निहार,दृष्टि,अथर्व,रिंशू, वैदेही,अरविंद,यशी,उमर और अनाया को पोषण पोटली वितरित की गई।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।जिले के सभी ब्लॉकों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, विधायक सदर प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य,जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं,आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाओं के साथ लाभार्थी मौजूद रहे।

More news