चाय वाले से लेकर पान वाले,चाट वाले और मोचियों तक पहुंचेगी भाजपा, 4.5 लाख लाभार्थियों से संपर्क का प्लान तैयार
चाय वाले से लेकर पान वाले,चाट वाले और मोचियों तक पहुंचेगी भाजपा, 4.5 लाख लाभार्थियों से संपर्क का प्लान तैयार

27 Nov 2026 |   36



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने छोटे कारोबारियों, पारंपरिक कारीगरों और पिछड़े वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी की है।इसके लिए भाजपा यूपी में विशेष संपर्क अभियान चलाएगी।इस अभियान के तहत चाय वाले, पान वाले,चाट वाले,सैलून संचालक,नाई,मोची,कुम्हार,लोहार, बुनकर और दूसरे छोटे कारोबारियों से सीधा संपर्क किया जाएगा,इसके साथ ही विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के करीब 4.5 लाख लाभार्थियों तक पहुंचने की भी योजना है।

चाय-चाट की दुकानों से लेकर कारीगरों तक पहुंचेगी भाजपा 

भाजपा का यह अभियान समाज के उन वर्गों पर केंद्रित होगा, जो छोटे कारोबार और पारंपरिक कामकाज से जुड़े हैं। भाजपा छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान के तहत चाय की दुकान चलाने वालों,पान बेचने वाले, चाट बेचने वाले,सैलून संचालकों,नाई,मोची,शिल्पकारों,लोहारों, कुम्हारों और बुनकरों से बातचीत करेगी।इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। भाजपा इन लोगों से व्यक्तिगत संपर्क और बैठकें करेगी,इसके लिए छोटे कारोबारियों की सूची शक्ति केंद्र स्तर पर तैयार की जाएगी।यह सूची 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

1 से 10 दिसंबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

भाजपा यह प्रदेशव्यापी अभियान 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक चलाएगी।इस दौरान विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के लाभार्थियों के विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।यूपी की हर विधानसभा में योजना के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी।साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक विधानसभा प्रमुख भी नामित किया जाएगा।इन सम्मेलनों में लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं,प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। भाजपा का उद्देश्य योजना से जुड़े लोगों के साथ सीधा संवाद करना है।

4.5 लाख लाभार्थियों से संपर्क की तैयारी

विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के तहत यूपी में लगभग 4.5 लाख लाभार्थी सूचीबद्ध हैं।भाजपा इन सभी लाभार्थियों तक पहुंचने की तैयारी कर रही है,इसके लिए विधानसभा स्तर पर सूची तैयार कर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।हर विधानसभा क्षेत्र में लाभार्थियों का सम्मेलन आयोजित करने की कार्ययोजना बनाई गई है।

भूपेंद्र चौधरी को मिली अभियान की जिम्मेदारी

इस पूरे अभियान की जिम्मेदारी भाजपा ने कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को सौंपी है। चौधरी के साथ स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप,धर्मवीर प्रजापति और हंसराज विश्वकर्मा भी अभियान में जुटेंगे।

More news