आईजीआई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से बचा,ग्राउंड मूवमेंट के दौरान दो विमानों के पंख आपस में टकराए
आईजीआई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से बचा,ग्राउंड मूवमेंट के दौरान दो विमानों के पंख आपस में टकराए

16 Apr 2026 |   27



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होने से बचा।स्पाइसजेट का एक विमान खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया।

मिली जानकारी अनुसार गुरुवार दोपहर लगभग दो सवा दो बजे स्पाइसजेट विमान के विंगटिप ने ग्राउंड मूवमेंट के दौरान अकासा एयर के स्थिर विमान के पंख को हल्के से छू गया। यह टक्कर बेहद हल्की थी,जिससे दोनों विमानों को मामूली नुकसान पहुंचा।

अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी फ्लाइट QP 1406 दिल्ली से हैदराबाद के लिए रवाना होने वाली थी, इस घटना के कारण 16 अप्रैल 2026 को वापस बे पर लौटानी पड़ी।अकासा का विमान उस समय स्थिर था,तभी दूसरी एयरलाइन के विमान ने उससे संपर्क किया।सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित उतार लिया गया है। साथ ही ग्राउंड टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है।

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए और दोनों विमानों की जांच शुरू कर दी गई। प्रभावित विमानों को फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है ताकि विस्तृत तकनीकी जांच की जा सके।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे ग्राउंड मूवमेंट के दौरान समन्वय में कमी से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्पाइस जेट की ओर से बताया गया कि 16 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सींग के दौरान बी737-700 विमान एक ग्राउंड घटना का शिकार हो गया।इस दौरान विमान के दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा,जबकि दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएं हिस्से के हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी क्षति हुई। स्पाइसजेट के प्रवक्ता के अनुसार इस घटना के बाद संबंधित विमान को दिल्ली में ही ग्राउंड कर दिया गया है।

More news