मैनपुरी में डिंपल यादव ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना,कहा-राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी में
मैनपुरी में डिंपल यादव ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना,कहा-राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी में

19 Nov 2026 |   14



 

मैनपुरी।समाजवादी पार्टी से सांसद डिंपल यादव बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र में बरनाहल में पार्टी नेता पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह यादव की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने पहुंचीं।पत्रकारों से बातचीत करते हुए डिंपल यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा।इस दौरान डिंपल ने राहुल गांधी की फोन टैपिंग,चुनाव आयोग, एसआईआर,बेरोजगारी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।मथुरा पर हो रही सियासत पर तंज कसते हुए डिंपल ने आरोप लगाया कि राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं।

मथुरा की राजनीति और भाजपा के राधे-राधे कमल खिला दे नारे पर तंज कसते हुए डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा का कमल अब मुरझा रहा है,इसलिए फूल खिलाने के लिए राधा मां का सहारा लिया जा रहा है। डिंपल ने अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त और राम मंदिर के चंदे में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। डिंपल ने कहा कि राम का चंदा लूटने वाले अब कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं और धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।

राहुल गांधी की फोन टैपिंग के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है,पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं और यह मुद्दा संसद में भी उठ चुका है। डिंपल ने भाजपा पर ऐसी कार्रवाइयों को सामान्य राजनीतिक तरीका बनाने का आरोप लगाया,इसके अलावा चुनाव आयोग और एसआईआर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए डिंपल ने वोटों की गिनती,नाम हटाने और पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से तुलना का मुद्दा उठाया। डिंपल ने सरकारी संसाधनों और पैसे के इस्तेमाल पर भी सरकार की घेराबंदी की।

2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव और गठबंधन पर डिंपल यादव ने स्पष्ट किया कि सीट शेयरिंग का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा,जबकि सपा ने जमीनी तैयारी शुरू कर दी है और गठबंधन की जीत तय है।देश की अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए डिंपल ने निजीकरण,सरकारी नौकरियों में कटौती,पेंशन,पेपर लीक और शिक्षामित्रों की समस्याओं को लेकर सरकार को विफल बताया। बदहाल सरकारी अस्पतालों पर चिंता जताते हुए डिंपल ने कहा कि कमजोर सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण ही निजी अस्पतालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

More news