रिपोर्ट-आशुतोष यादव
मैनपुरी।खेत पर काम करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर 48 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई।ट्रॉली का प्रेशर पाइप फटने के बाद किसान नीचे उतरकर उसे ठीक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ढलान पर खड़ी ट्रॉली अचानक सरकने लगी और किसान उसके पहिये और ट्रॉली के बीच दब गया।हादसा देख साथ मौजूद भतीजे ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसान को बाहर निकाला,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा बुधवार सुबह करीब 9 बजे का है।भोगांव थाना क्षेत्र के गांव विनोदपुर निवासी नीरज कुमार पुत्र रामनरेश सक्सेना अपने भतीजे करन के साथ खेत पर गोबर और घूरा डालने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे थे।खेत पर काम करने के दौरान अचानक ट्रॉली का प्रेशर पाइप फट गया।इसके बाद नीरज ट्रॉली के नीचे उतरकर काम करने लगे। इसी बीच ढलान पर खड़ी ट्रॉली नीचे की ओर सरकने लगी। नीरज कुछ समझ पाते, इससे पहले ही ट्रॉली उनके ऊपर गिर गई। वह ट्रॉली और टायर के बीच बुरी तरह दब गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद करन ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नीरज को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। ट्रॉली के नीचे दबे नीरज को निकालने के लिए करीब आधे घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने किसी तरह नीरज को बाहर निकाला,लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
नीरज की मौत से पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में उनकी तीन बेटियां हैं। इनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी अभी शादी के योग्य है।
परिवार के लिए नीरज ही सहारा थे। खेत पर काम करने गए किसान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।