आशुतोष यादव
मैनपुर।बेवर कस्बे में जूते की दुकान की आड़ में चल रहे अवैध सट्टा कारोबार का खुलासा हुआ है।पुलिस ने मौके पर दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया और उसके पास से नकदी सहित सट्टे का सामान बरामद किया है।
मोटा रोड स्थित अमित फुट वियर की दुकान के अंदर सट्टा संचालित किया जा रहा था।दुकान के अंदर एक युवक जोर-जोर से एक लगाओ,नब्बे पाओ,यह दिल्ली का सट्टा है कहकर लोगों को सट्टा लगाने के लिए आकर्षित कर रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने अंदर पहुंचकर युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम नरेन्द्र सिंह यादव (उम्र करीब 28 वर्ष) निवासी किशनपुर गढ़िया थाना बेवर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10,155 रुपये नकद, सट्टे के नंबर लिखी एक कॉपी, कार्बन पेपर, नीली पेन, एक कैलकुलेटर और आईक्यू कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में नरेंद्र सिंह यादव ने स्वीकार किया कि वह सट्टे की खाई-बाड़ी करता था।वह लोगों से पैसे लेकर नंबर लगवाता था और यदि नंबर निकल आता था तो करीब 10 गुना रकम वापस करता था, जबकि नंबर न आने पर पूरी रकम खुद रख लेता था।
पुलिस ने नरेंद्र सिंह सिंह यादव से सट्टा संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
बरामद सभी सामान को विधिवत सील कर कब्जे में ले लिया गया ।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।