भोगांव में खंडहर से सड़ा-गला शव बरामद
भोगांव में खंडहर से सड़ा-गला शव बरामद

24 Sep 2026 |   35



रिपोर्ट-आशुतोष यादव 

मैनपुरी।भोगांव में पशु अस्पताल के सामने स्थित पुराने सीओ कार्यालय और आवास के पास खंडहर से लगभग 30 से 35 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि आसपास के लोग पिछले कई दिनों से खंडहर की ओर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत कर रहे थे। लोगों को आशंका थी कि झाड़ियों में कोई जानवर मरा पड़ा है। इसी बीच पुलिस ने रात करीब आठ बजे खंडहर में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि व्यक्ति खंडहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक मानसिक रूप से कमजोर है,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

More news