आशुतोष यादव
मैनपुरी।बेवर कस्बा के फर्रुखाबाद रोड पर ब्रह्मदेव के पास संचालित नेहा नर्सिंग होम में बीती रात चिकित्सीय लापरवाही से एक दर्दनाक मामला सामने आया है।पेट दर्द की शिकायत पर दवा लेने गई एक 28 वर्षीय विवाहिता को कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगा दिया गया,जिससे मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम माद्दापुर खास (बेवर) निवासी सुमित पुत्र बेचे लाल शाक्य की पत्नी नेहा शिल्पी को कल रात अचानक पेट में दर्द उठा था।परिजन आनन-फानन में उन्हें रात लगभग 10:30 बजे फर्रुखाबाद रोड पर नेहा नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ ने बिना सही जांच किए महिला को एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही नेहा की हालत अचानक बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है,वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।