आशुतोष यादव
भोगांव।नगर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाई गई।इस अवसर पर तहसील,थाना,नगर पंचायत कार्यालय सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों और निजी विद्यालयों में ध्वजारोहण कर महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
शुक्रवार को प्रातःकाल से ही नगर में जयंती को लेकर भारी उत्साह देखा गया।तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पीयूष जायसवाल,नगर पंचायत कार्यालय पर अध्यक्ष नेहा तिवारी और कोतवाली में क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
शैक्षणिक संस्थानों में मां सरस्वती शिशु मंदिर में अवधेश अवस्थी,बेबी ड्रीम एकेडमी में वीरेंद्र शर्मा और डीएन पब्लिक स्कूल में मुकेश अग्निहोत्री ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष नेहा तिवारी ने सभासदों और कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।अध्यक्ष नेहा तिवारी ने अपने प्रतिनिधि आशीष तिवारी व पालिका टीम के साथ गांधी पार्क में ध्वजारोहण किया और मुख्य मार्ग पर स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नेहा तिवारी ने कहा, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्श एवं विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
चेयरमैन प्रतिनिधि आशीष तिवारी ने अपने संबोधन में कहा, गांधी जी ने स्वच्छ भारत का जो स्वप्न देखा था, उसे पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। जब तक हर व्यक्ति अपने आसपास सफाई का ध्यान नहीं रखेगा, तब तक स्वच्छता का लक्ष्य पूर्ण रूप से प्राप्त नहीं हो सकता।
कार्यक्रम के अंत में गांधी जी और शास्त्री जी के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक अमित मिश्रा,कविता मिश्रा, बदन सिंह मस्ताना, के. एल. वर्मा, सुरेन्द्र शंखवार, मिथुन वर्मा, सुरेश भारती और श्रीओम यादव सहित बड़ी संख्या में सभासद, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।