ईमानदारी की मिसाल:गार्ड को मिले व्यापारी के गुम हुए 10 हजार रुपये,पुलिस ने व्यापारी को सौंपे
ईमानदारी की मिसाल:गार्ड को मिले व्यापारी के गुम हुए 10 हजार रुपये,पुलिस ने व्यापारी को सौंपे

09 Sep 2026 |   27



रिपोर्ट-आशुतोष यादव 

मैनपुरी/भोगांव।स्थानीय नगर में ईमानदारी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय मामला सामने आया है। केले के गोदाम के पास गुम हुए 10,000 रुपये सही सलामत मिल जाने पर व्यापारी ने राहत की सांस ली है।गार्ड की इस ईमानदारी और पुलिस के सहयोग की पूरे नगर में जमकर प्रशंसा हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जीटी रोड पर मुहल्ला गड्ढा निवासी बन्ने पुत्र दुल्ली का केले का गोदाम है।बीते सोमवार को वह अपने गोदाम पर 10 हजार रुपये की नकदी रखकर कहीं भूल गए।काफी खोजबीन करने के बाद भी जब रुपयों का पता नहीं चला,तो परेशान होकर व्यापारी ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

थाने में सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रुपयों की तलाश शुरू कर दी।इसी बीच अपनी ड्यूटी पूरी करके थाने पहुंचे गार्ड अनुज प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें गोदाम के पास लावारिस हालत में 10 हजार रुपये मिले हैं।

इसके बाद आरक्षी पहुंप सिंह और नरेंद्र सिंह ने तुरंत व्यापारी बन्ने को थाने बुलवाया और सत्यापन के बाद गार्ड द्वारा जमा किए गए पूरे 10 हजार रुपये उनके सुपुर्द कर दिए। खोए हुए रुपये वापस पाकर बन्ने के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने गार्ड अनुज प्रताप सिंह और पुलिस टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।

नगर के लोगों में गार्ड की ईमानदारी और पुलिस प्रशासन की तत्परता की काफी चर्चा है और हर कोई अनुज प्रताप सिंह के इस कार्य की सराहना कर रहा है।

More news