दुष्कर्म के बाद मासूम बच्ची की हत्या पर लोगों में गुस्सा,बिजनौर-बदायूं हाईवे दो घंटे रखा जाम
दुष्कर्म के बाद मासूम बच्ची की हत्या पर लोगों में गुस्सा,बिजनौर-बदायूं हाईवे दो घंटे रखा जाम

19 Oct 2024 |  32





बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली सात वर्षीय की मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या कर दी गई।मासूम का खून से लथपथ शव शुक्रवार रात खंडहरनुमा एक घर की अलमारी में चादर से लिपटा मिला था। पुलिस ने आरोपी को सुबह 4 बजे बीनपुर मार्ग पर एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी के दाहिने पैर मे गोली लगी।बच्ची के परिजनों में आक्रोश है और इलाके में तनाव है।लोगों ने इंसाफ की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया।

मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने के विरोध में शनिवार को बिल्सी में भारी संख्या में आक्रोशित लोगों ने दो घंटे बिजनौर-बदायूं हाईवे जाम रखा।परिजनों और लोगों ने बच्ची को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर हाईवे जाम किया।घटना से नाराज लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाईवे पर दो घंटे जाम लग रहा।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और विरोध प्रदर्शन खत्म करवाया। लोगों को आश्वासन दिया गया है कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार सात वर्षीय मासूम बच्ची कक्षा तीन की छात्रा थी।बच्ची शुक्रवार दोपहर सब्जी लेने के लिए घर से निकली थी,लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी।परिजनों ने देर शाम तक बच्ची की तलाश करते रहे,लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला।रात में मोहल्ले के एक खंडहरनुमा मकान के अंदर बच्ची का शव पड़ा मिला। सिर और गर्दन पर प्रहार के निशान हैं और खून बह रहा था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।बच्ची की हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गये। लोगों की मांग है कि हत्यारे को फांसी दी जाये।इस जघन्य घटना पर लोगों ने न केवल नाराजगी जताई बल्कि दुख भी जताया।

More news