यूपी विस उपचुनाव:फूलपुर पर क्यों अटकी कांग्रेस की सूई, प्रियंका की क्या बात मानेंगे अखिलेश
यूपी विस उपचुनाव:फूलपुर पर क्यों अटकी कांग्रेस की सूई, प्रियंका की क्या बात मानेंगे अखिलेश

18 Oct 2024 |  35





लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने सातवें प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है।हफ़्ते भर पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने छह सीटों पर टिकट फाइनल कर दिए थे।सूत्रों के मुताबिक कुंदरकी विधानसभा के लिए भी सपा ने प्रत्याशी तय कर लिया है।बस इसकी घोषणा होना बाक़ी है।अखिलेश यादव आज शुक्रवार को दो दिनों के दौरे पर महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए हैं। सपा इस बार महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है।

सपा ने यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस को दो विधानसभा सीटों का ऑफर किया है।इनमें अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट है,जो कि सुरक्षित सीट है।2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बाद यहां बसपा प्रत्याशी चारू केन दूसरे नंबर पर थीं। चारू केन इसी महीने कांग्रेस में शामिल हो गईं।कांग्रेस के लिए सपा ने दूसरी सीट ग़ाज़ियाबाद सदर छोड़ी है, लेकिन कांग्रेस प्रयागराज की फूलपुर सीट अपने लिए चाहती है।

श्रीनगर में उमर अब्दुल्ला के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव की मुलाक़ात हुई थी।प्रियंका ने अखिलेश से फूलपुर सीट देने की मांग रखी।सूत्रों के मुताबिक गांधी नेहरू परिवार के एक करीबी नेता फूलपुर से चुनाव लड़ना चाहते हैं।फूलपुर से गांधी परिवार का इमोशनल कनेक्ट भी रहा है।

कांग्रेस के एक सांसद ने फूलपुर से टिकट की मांग के पीछे दूसरी वजह बताई है।उन्होंने कहा कि सपा जो सीटें दे रही हैं वो दोनों पश्चिमी यूपी में है।हम चाहते हैं कि पूर्वांचल से भी पार्टी चुनाव लड़े। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इन दोनों सीटों पर जीतना बहुत मुश्किल है। इसीलिए हम एक ऐसी सीट भी चाहते हैं जहां जीतने की संभावना हो।

बताते चलें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव बार-बार कहते रहे हैं कि इंडिया गठबंधन मज़बूत है।हम साथ-साथ लड़ेंगे, लेकिन वे ये बताना नहीं भूलते हैं कि हरियाणा की हार से हमें सीखना चाहिए। कांग्रेस ने शुरुआत में विधानसभा की 10 में से 5 सीटों की मांग की थी,लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे के अगले ही दिन सपा ने छह सीटों की घोषणा कर दी।फिर महाराष्ट्र के लिए निकलने से पहले अखिलेश यादव ने मीरापुर सीट पर भी अपना प्रत्याशी उतार दिया।

More news