हरित क्रांति से कृषि उत्पादन बढ़ना आधा सच,CM योगी ने कहा- हमारी धमनियों में घुसने लगा है फर्टिलाइजर का जहर
हरित क्रांति से कृषि उत्पादन बढ़ना आधा सच,CM योगी ने कहा- हमारी धमनियों में घुसने लगा है फर्टिलाइजर का जहर

19 Jul 2024 |  85



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी


लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में प्राकृतिक खेती के विज्ञान पर क्षेत्रीय परामर्श कार्यक्रम को संबोधित किया।सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हरित क्रांति से कृषि उत्पादन बढ़ा जरूर है,लेकिन यह अधूरा सच है।आज फर्टिलाइजर की अधिकता के कारण धीमा जहर हमारी धमनियों में घुस रहा है। ये दुष्प्रभाव केवल मनुष्यों पर ही नहीं पड़ा है,बल्कि पशु-पक्षी भी इससे प्रभावित हो रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि देश में कई इलाके ऐसे भी थे जहां प्राकृतिक ढंग से भी कृषि उत्पादन अधिक था।सीएम ने इस बात पर जोर दिया कि हमें बीज से लेकर बाजार तक कृषि उत्पादों के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना होगा।कृषि कार्य में अत्यधिक फर्टिलाइजर के उपयोग का परिणाम यह है कि देश के कुछ राज्यों को कैंसर ट्रेन चलानी पड़ रही है।

सीएम योगी ने कहा कि यूपी में जल्द ही एक कृषि विश्वविद्यालय को प्राकृतिक खेती के लिए समर्पित किया जाएगा। सीएम ने कहा कि हमें 17वीं और 18वीं सदी के भारत के उन प्रांतों में प्राकृतिक खेती से होने वाले उत्पादन दर को भी देखना होगा जब धरती अपने प्राकृतिक स्वरूप में थी और अन्न उत्पादन भी ज्यादा था। हमें खेती को लेकर पिछले सौ-डेढ़ सौ वर्ष में जो पढ़ाया गया है, उसमें और पुराने समय के विज्ञान में कितना अंतर है यह जानने के लिए हमें इतिहास के पन्नों को फिर से पलटना होगा।

सीएम योगी ने कहा कि अमरोहा में निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल में 12 से 14 गाय अचानक मर गईं।जब हमने वहां विशेषज्ञ भेजे तो ये पता लगा कि चारे में बड़े पैमाने पर फर्टिलाइजर मिला था,जिसके कारण उनकी मौत हुई। हमें समझना होगा कि जब गाय अत्यधिक फर्टिलाइजर को बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है तो मनुष्य की स्थिति क्या होगी।

सीएम योगी ने कहा कि उनके पास मुख्यमंत्री राहत कोष से इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग धन की मांग करते हैं।इसमें सर्वाधिक मामले कैंसर के होते हैं। सीएम ने कहा कि आज से कुछ साल पहले इतनी भयावह स्थिति नहीं थी।आज गांव-गांव में युवाओं में कोई किडनी,कोई हार्ट तो कोई कैंसर से पीड़ित हो गया है।इसका कारण है कि हमारा खानपान कहीं न कहीं प्रभावित हुआ है।जिसने नई-नई बीमारियों को जन्म दिया है। इससे बचाव का नया मंत्र पीएम मोदी ने प्राकृतिक खेती का दिया है।

सीएम योगी ने कहा कि हमें बीज से लेकर बाजार तक कृषि उत्पादों के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना होगा।यूपी में इसके लिए बड़ी संभावना है। सीएम ने कहा कि हमारे पास अभी चार कृषि विश्वविद्यालय हैं,पांचवां बनने जा रहा है। 89 कृषि विज्ञान केंद्र हैं और दो केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय हैं। हमें प्राकृतिक खेती के सर्टिफिकेशन के कार्यक्रम को तेज गति से आगे बढ़ाना है। हमने प्रदेश के कृषि विश्वविद्यलयों को कह दिया है कि सर्टिफिकेशन लैब्स को अपग्रेड कीजिए धन सरकार देगी।


कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे।इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही,कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख,लद्दाख के कार्यकारी सभासद कृषि स्टेनजिन चोस्फेल,मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह,कृषि उत्पादन आयुक्त डॉक्टर देवेश चतुर्वेदी,केंद्र सरकार में संयुक्त सचिव कृषि एवं किसान कल्याण डॉक्टर योगिता सहित विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण,विशेषज्ञ और प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

More news