सोना सस्ता होते ही चीन में खरीदारी की मची होड़,सब्जी मंडी से ज्यादा भीड़,आखिर क्यों अचानक गिरने लगे गोल्ड के दाम
सोना सस्ता होते ही चीन में खरीदारी की मची होड़,सब्जी मंडी से ज्यादा भीड़,आखिर क्यों अचानक गिरने लगे गोल्ड के दाम

26 Oct 2026 |   38



 

नई दिल्ली।अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आते ही चीन में खरीदारी की होड़ मच गई है।शेनझेन के मशहूर शुइबेई गोल्ड मार्केट में इतनी भीड़ उमड़ी कि लोगों का चलना मुश्किल हो गया।सोने की कीमत 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे आने के बाद खरीदार सस्ते दामों पर गोल्ड खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।

शेनझेन शहर में स्थित शुइबेई गोल्ड मार्केट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

चीन के शेनझेन शहर में स्थित शुइबेई गोल्ड मार्केट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।बाजार में भारी भीड़ देखकर एक यूजर ने टिप्पणी की कि यहां सोना खरीदने वालों की संख्या सब्जी मंडी से भी ज्यादा है।

सोने की कीमतों में कितनी आई गिरावट

23 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.72% गिरकर 3,995.63 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। पूरे सप्ताह में सोना करीब 4% गिरा, जो जून के बाद इसकी सबसे तेज साप्ताहिक गिरावट थी।इस गिरावट का असर चीन के ज्वेलरी बाजार में भी दिखाई दिया। 24 अक्टूबर को कई प्रमुख ज्वेलरी ब्रांड्स ने सोने के गहनों की कीमतों में 6 से 12 युआन प्रति ग्राम की कटौती की।

प्रमुख ब्रांड्स में सोने की कीमतें इस प्रकार रहीं

ज्वेलरी ब्रांड

कीमत प्रति ग्राम

Laomiao Gold

1,196 युआन

Chow Sang Sang

1,200 युआन

Chow Tai Fook

1,202 युआन

Lao Feng Xiang

1,206 युआन

पिछले एक महीने में चीन में सोने के गहनों की खुदरा कीमतें करीब 100 युआन प्रति ग्राम कम हुई हैं।

शुइबेई गोल्ड मार्केट में इतनी भीड़ क्यों

शेनझेन के लुओहू जिले में स्थित शुइबेई चीन के प्रमुख सोना और ज्वेलरी व्यापार केंद्रों में से एक है। यहां थोक व्यापारी, ज्वेलरी निर्माता, दुकानदार और आम ग्राहक खरीदारी करने आते हैं।अक्टूबर की शुरुआत में चीन के नेशनल डे की छुट्टियों के दौरान इस बाजार में रोजाना औसतन करीब 60,000 लोग पहुंचे थे। उस दौरान बिक्री में सालाना आधार पर 28% की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।अब कीमतें गिरने के बाद वे ग्राहक भी बाजार पहुंच रहे हैं, जो लंबे समय से सोना सस्ता होने का इंतजार कर रहे थे।

दुनियाभर में सोने की कीमत क्यों गिर रही है

सोने की कीमतों पर अमेरिका में ब्याज दरों और महंगाई को लेकर बढ़ती चिंताओं का असर पड़ा है।कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई बढ़ने की आशंका है।ऐसे में अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रख सकता है।
ऊंची ब्याज दरों के माहौल में सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश का आकर्षण कुछ कम हो सकता है। इसके अलावा शेयर बाजार में नुकसान की भरपाई और नकदी जुटाने के लिए भी कुछ निवेशक सोना बेच रहे हैं।हालांकि, बाजार में भारी भीड़ का मतलब यह नहीं है कि सभी लोग सोना खरीद रहे हैं। कई ग्राहक कीमतों की तुलना करने या आगे और गिरावट का इंतजार करने भी पहुंच रहे हैं।

More news