चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की क्या ठीक है सेहत,अमेरिकी दौरे में खास इंतजाम से उठे सवाल
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की क्या ठीक है सेहत,अमेरिकी दौरे में खास इंतजाम से उठे सवाल

03 Oct 2026 |   29



 

नई दिल्ली।चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सेहत को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वॉशिंगटन में हुई बैठक के दौरान चीनी अधिकारियों ने शी जिनपिंग के लिए सामान्य से अलग आराम की व्यवस्था की थी।इससे शी जिनपिंग की सेहत को लेकर नए सवाल उठे हैं। हालांकि अब तक शी जिनपिंग को किसी खास बीमारी या गंभीर स्वास्थ्य समस्या से पीड़ित होने का कोई सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है.लेकिन चीन में वरिष्ठ नेतृत्व को लेकर जानकारियां पूरी तरह से गोपनीय रखना बेहद आम है और ऐसी खबरें शायद ही कभी बाहर आती हैं,इसी वजह से सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट में क्या कहा गया

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी अधिकारियों ने व्हाइट हाउस से वेस्ट विंग में शी जिनपिंग के लिए एक निजी कमरा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था,ताकि वह बैठकों और कार्यक्रमों के बीच आराम कर सकें।बताया गया कि इस कमरे में केवल शी जिनपिंग पत्नी पेंग लियुआन को उनके साथ रहने की अनुमति थी।चीनी प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों,यहां तक कि शी जिनपिंग के चीफ ऑफ स्टाफ को भी इस कमरे में जाने की अनुमति नहीं थी।

कार्यक्रम में लगभग 5 घंटे का अंतर

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी अधिकारियों ने शी जिनपिंग के लिए अतिरिक्त आराम का समय मांगा था, इसके चलते 24 सितंबर को ट्रंप के साथ प्रस्तावित वर्किंग लंच को भी रद्द करने का अनुरोध किया गया,इससे उनके कार्यक्रम में करीब पांच घंटे का खाली समय बन गया।वॉशिंगटन पहुंचने की रात भी शी जिनपिंग के लिए कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया था।हालांकि रिपोर्ट में यह संभावना भी बताई गई कि कार्यक्रम में कुछ बदलाव करीब 14 घंटे की बीजिंग-वॉशिंगटन यात्रा और जेट लैग की वजह से किए गए हो सकते हैं।

नेशनल आर्काइव्स का दौरा भी रहा छोटा

25 सितंबर को अमेरिका के नेशनल आर्काइव्स के दौरे के दौरान भी शी जिनपिंग का कार्यक्रम पहले की योजना के मुकाबले छोटा कर दिया गया।रिपोर्ट के मुताबिक शी जिनपिंग ने वहां करीब 10 मिनट बिताए।कार्यक्रम को इस तरह व्यवस्थित किया गया था कि शी जिनपिंग को कब आराम की जरूरत होगी और वह कितनी देर तक खड़े रह सकते हैं, इसका ध्यान रखा जा सके।

विमान से उतरते समय भी नजर आई तस्वीर

वॉशिंगटन पहुंचने के दौरान शी जिनपिंग की गतिविधियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर विमान से उतरते समय शी जिनपिंग अपनी पत्नी पेंग लियुआन का हाथ पकड़े हुए और साथ ही विमान की रेलिंग का सहारा लेते दिखाई दिए।दो दिन बाद नेशनल आर्काइव्स की सीढ़ियां चढ़ते समय भी शी जिनपिंग और पेंग लियुआन एक-दूसरे का हाथ पकड़े नजर आए।हालांकि शी जिनपिंग को पहले भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी पत्नी का हाथ पकड़े देखा गया है।

ब्रिक्स समिट में डिनर से भी रहे थे दूर

सेहत से जुड़े सवाल इससे पहले भी उठ चुके हैं।सितंबर में नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स समिट के दौरान शी जिनपिंग एक डिनर में शामिल नहीं हुए थे।उस समय रिपोर्टों में कहा गया था कि शी जिनपिंग की तबीयत ठीक नहीं थी और उन्होंने आखिरी समय पर डिनर में शामिल होने का कार्यक्रम रद्द कर दिया था। शी जिनपिंग की जगह चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने डिनर में हिस्सा लिया था।

पहले भी उठ चुके हैं स्वास्थ्य को लेकर सवाल

शी जिनपिंग की शारीरिक स्थिति को लेकर अटकलें पहले भी सामने आती रही हैं। 2019 में शी जिनपिंग यूरोप यात्रा के दौरान सामने आए कुछ वीडियो में उन्हें हल्की लंगड़ाहट के साथ चलते और सहारे के लिए कुर्सी का इस्तेमाल करते हुए देखा गया था,इसके बाद भी शी जिनपिंग की सेहत को लेकर चर्चा हुई थी।

अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में एशियाई मामलों के पूर्व वरिष्ठ निदेशक डेनिस वाइल्डर ने WSJ को ये बताया 

अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में एशियाई मामलों के पूर्व वरिष्ठ निदेशक डेनिस वाइल्डर ने वॉल स्ट्रीट जर्नल को बताया कि किसी विदेशी नेता के लिए इस तरह निजी आराम का कमरा मांगा जाना उनके अनुभव में असामान्य था।उन्होंने पूर्व जापानी प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी,पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री जॉन हॉवर्ड और शी जिनपिंग के पूर्ववर्ती हू जिंताओ की यात्राओं का उदाहरण देते हुए इसे बहुत असामान्य बताया।वाइल्डर ने यह भी कहा कि ट्रंप और शी के बीच 24 सितंबर की द्विपक्षीय बैठक का समय दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की बैठक के लिहाज से काफी कम रहा था।

More news