पटना।दानापुर रेलवे मंडल से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है।अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ़्तार 130 किलो प्रति घंटा करने की रेलवे की कवायद शुरू हो गयी है।हाल ही में आम लोगों के लिए शुरू की गयी अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने को लेकर रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे समेत पांच प्रमुख जोनों के अफसरों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की थी।
बैठक में पुश-पुल तकनीक वाली इन ट्रेनों को अधिकतम 130 किमी प्रति घंटे की गति से चलाने को लेकर हुई थी चर्चा
बैठक में पुश-पुल तकनीक वाली इन ट्रेनों को अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाने को लेकर चर्चा हुई थी। इसका टास्क पूर्व मध्य रेलवे जोन को भी सौंपा गया। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर अब पटना से दिल्ली,जोगबनी सहित अन्य क्षेत्रों में चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार को 110 से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा करने की तैयारी शुरू होने जा रही है।
पांच जोन के अफसर हुए थे शामिल
अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने को लेकर हुई बैठक में पूर्व मध्य रेलवे समेत पांच प्रमुख जोनों के अधिकारी शामिल हुए थे।बैठक में ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए जरूरी उपायों पर चर्चा की गयी।पांचों जोन ने रफ्तार बढ़ाने और इसके लिए किये जाने वाले आवश्यक उपायों को लेकर अपनी सहमति दी है।रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद अब इस दिशा में काम शुरू किया जा रहा है,इसके तहत अमृत भारत एक्सप्रेस की मौजूदा रफ्तार को बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक करने की तैयारी है।
अभी 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
पटना जंक्शन से चलने वाली ट्रेनों की मौजूदा अधिकतम रफ़्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे बतायी गयी है।अब अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी से यात्रियों को आने वाले समय में सफर के समय में कमी की उम्मीद है।
अमृत भारत एक्सप्रेस पुश-पुल तकनीक पर आधारित है और पटना व दानापुर मंडल से चलने वाली इन ट्रेनों को अधिक रफ्तार से चलाने के लिए रेलवे स्तर पर प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पटना से दिल्ली जाने में लगता है 17 घंटे
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22361 को राजेंद्र नगर टर्मिनल से नयी दिल्ली पहुंचने में लगभग 17 घंटे 20 मिनट लगता है,इसके मुकाबले सबसे तेज राजधानी एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेनों से यह दूरी लगभग 12 घंटे 10 मिनट में पूरी होती है।वहीं अन्य सामान्य ट्रेनों में 15 से 16 घंटे का समय लग सकता है।अमृत भारत एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचने में अधिक समय लगने के कारण यात्री इसकी रफ्तार बढ़ाने की मांग कर रहे थे।यात्रियों की मांग थी कि इस ट्रेन का परिचालन संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस की तर्ज पर किया जाये।
रफ्तार बढ़ने से घटेगा सफर का समय
पटना से दिल्ली के अलावा जोगबनी सहित अन्य क्षेत्रों में चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने की भी तैयारी है।रेलवे बोर्ड की बैठक के बाद अब संबंधित जोन इस दिशा में जरूरी काम शुरू करेंगे।रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटे किये जाने के बाद इन ट्रेनों के यात्रा समय में कमी आने की संभावना है।हालांकि वास्तविक यात्रा समय में कमी परिचालन परिस्थितियों और संबंधित रेलखंड पर निर्धारित गति पर निर्भर करेगी।