लाखों की एफडी में धोखाधड़ी का आरोप,बैंककर्मियों पर मुकदमा दर्ज
लाखों की एफडी में धोखाधड़ी का आरोप,बैंककर्मियों पर मुकदमा दर्ज

18 Jul 2026 |   43



राजीव कुमार तिवारी 

प्रतापगढ़।बैंक में की गयी लाखों की एफडी में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने बैंककर्मियों के खिलाफ तहरीर दी है।मामले मे पुलिस ने अज्ञात बैंककर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे गजा वैश्य राहाटीकर गांव निवासी संदीप सिंह पुत्र इन्द्र बहादुर सिंह ने बीती 16 जुलाई को पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसने रेहुआ लालगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में बीते वर्ष पांच अगस्त 2024 को चार सौ दिनों के लिए कुल तीन लाख रूपये की एफडी की। 

पीड़ित संदीप सिंह का आरोप है कि नौ सितंबर 2025 को एफडी की अवधि पूर्ण होने के बाद वह धनराशि वापस लेने बैंक पहुंचा तो बैंककर्मी तरह-तरह के बहाने बताकर परेशान करने लगे और उसकी धनराशि वापस नहीं की गयी। बैंक प्रबंधक और कर्मचारियों पर धोखाधड़ी व साइबर षडयन्त्र का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने उसकी एफडी को ओडी एकाउन्ट बनाकर दो बार में निकाल लिए जाने का आरोप भी लगाया है। थाना प्रभारी दीप नारायण का कहना है कि जांच के बाद अज्ञात बैंककर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़िता के खाते से लाखों हड़पे,अज्ञात पर केस

प्रतापगढ़।साइबर फ्राड करते हुए पीड़िता के खाते से चार लाख तैंतीस हजार रूपये हड़प लिए गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।सांगीपुर थाना क्षेत्र के पूरब देउम गांव की अंजली मिश्रा पत्नी वैभव मिश्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीती चौबीस अक्टूबर को उसके फोन पे खाते से साइबर फ्राड करते हुए आरोपियों ने दो बार में चार लाख तैंतीस हजार रूपये ट्रांसफर करा लिये। खाते से पैसा हड़प लिए जाने की जानकारी होने पर पीड़िता आवाक रह गयी। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

खाते से उड़ाये तीन लाख इक्तीस हजार,केस दर्ज

प्रतापगढ़। खाते से तीन लाख इक्कीस हजार हड़प लिए जाने को लेकर पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।लालगंज कोतवाली के शीतलमऊ निवासिनी सुनीता सोनी पत्नी स्वर्गीय शंकर लाल सोनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके बेटे दीपक सोनी ने अपने बच्चे को इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। पीड़िता का आरोप है कि इसी बीच बीते वर्ष अठारह अक्टूबर 2025 से लेकर कई बार में उसके बेटे के बैंक आफ बड़ौदा लालगंज के दो खातों से करीब तीन लाख इक्कीस हजार रूपये निकाल लिए गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

दुकान में चोरी व आगजनी का आरोप,दी तहरीर

प्रतापगढ़।दुकान में आगजनी और चोरी की घटना को लेकर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।उदयपुर थाना क्षेत्र के साल्हापुर आमीशंकरपुर गांव निवासी श्रवण कुमार यादव पुत्र पारसनाथ यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि गांव समीप स्थित उसकी दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा सामान चुरा लिया गया। इसके बाद दुकान में आग लगा दी गयी। सूचना पर पीड़ित पहुंचा और आसपास के लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। घटना को लेकर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।थाना प्रभारी दीप नारायण का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

More news