डीएम ने संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुंचकर गंगा एक्सप्रेसवे की ली जानकारी
डीएम ने संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुंचकर गंगा एक्सप्रेसवे की ली जानकारी

14 Feb 2026 |   17



डीएम ने संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुंचकर गंगा एक्सप्रेसवे की ली जानकारी

डीएम ने निर्धारित गति सीमा 120 की स्पीड से गाड़ी चलाकर गंगा एक्सप्रेसवे हाईवे का किया परीक्षण

ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

प्रतापगढ़। जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी शनिवार को संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुंचे।निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य,सुरक्षा व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। 

यूपीडा के पीआईओ विजय कुमार ने डीएम शिव सहाय अवस्थी को अवगत कराया कि गंगा एक्सप्रेसवे का लगभग 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग अंतिम चरण के कार्य तीव्र गति से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा परिसर में आपातकालीन सेवाओं के तहत 2 एंबुलेंस,1 क्रेन और 1 मेडिकल सेंटर की व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही तैनात कर्मचारी नियमित रूप से रूट पेट्रोलिंग करते रहते हैं,जिससे किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा यातायात संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा सके। 

पीआईओ ने यह भी बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक विस्तृत है। प्रतापगढ़ जनपद में इसकी कुल लंबाई 40 किलोमीटर 700 मीटर है,जो अर्रो गांव से बरबसपुर तक फैली हुई है।एक्सप्रेसवे के पूर्ण होने से क्षेत्रीय आवागमन को नई गति मिलेगी तथा व्यापार,उद्योग और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीएम शिव सहाय अवस्थी को अवगत कराया कि कुछ अराजक तत्व एक्सप्रेसवे पर वाहनों से स्टंट कर सोशल मीडिया के लिए रील बनाते हैं तथा मना करने पर भी नियमों का पालन नहीं करते। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे तत्वों की पहचान कर तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जा सके और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा एवं अनुशासन कायम रखा जा सके।

डीएम शिव सहाय ने गंगा एक्सप्रेसवे पर लगभग 15 किलोमीटर तक निर्धारित गति सीमा 120 की स्पीड से वाहन चलाकर सड़क की गुणवत्ता का परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान 1-2 स्थानों पर सड़क की सतह में हल्का उतार-चढ़ाव महसूस किया गया,जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी मानकों के अनुरूप सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि गंगा एक्सप्रेसवे जनपद के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है और इसकी गुणवत्ता एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा कार्यों की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि निर्धारित समय सीमा में उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ परियोजना पूर्ण हो सके। 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज शैलेन्द्र कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे।

More news