ब्यूरो देवी शरण मिश्रा
कुंडा/प्रतापगढ़।समाज में सत्य,प्रेम और सद्भाव का संदेश देने के लिए राजधानी लखनऊ से प्रयागराज तक पैदल यात्रा पर निकले चाभी वाले बाबा उर्फ कबीरा बाबा का कुंडा क्षेत्र में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।नगर पंचायत कुंडा पहुंचने पर विश्वकर्मा विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामलाल विश्वकर्मा के नेतृत्व में हरिश्चंद्र विश्वकर्मा,रामसूरत, विजय,दिलीप,शक्तिमान सिंह,आदित्य त्रिपाठी,बादल,आशू, इंद्रजीत सहित अन्य लोगों ने चाबी वाले बाबा का भव्य स्वागत किया।इसके बाद चाबी वाले बाबा प्रयागराज के लिए प्रस्थान कर गए।
चाबी वाले बाबा ने बताया कि वे स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर सत्य,प्रेम और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन-जागृति यात्रा कर रहे हैं।हाथ में रहने वाली लकड़ी की बड़ी चाबी अहंकार के ताले को खोलने का प्रतीक है।
चाबी वाले बाबा ने बताया कि वे सत्य साधना केंद्र,सत्यान्वेषी आश्रम से जुड़े हैं और विवेकानंद के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने बताया कि लखनऊ से कन्याकुमारी तक पदयात्रा कर चुके हैं।उत्तर प्रदेश के लगभग 40 जिलों का भ्रमण कर समाज में जागरूकता फैला चुके हैं। बता दें कि रायबरेली जिले की सलोन तहसील के धौरहरा रोहनिया निवासी हरिश्चंद्र विश्वकर्मा चाबी वाले बाबा उर्फ कबीरा बाबा के नाम से प्रसिद्ध हैं।