हाईवे पर अमेठी के सर्राफा व्यापारी से पिस्टल सटाकर तीन बदमाशों ने की 17 लाख की लूट
हाईवे पर अमेठी के सर्राफा व्यापारी से पिस्टल सटाकर तीन बदमाशों ने की 17 लाख की लूट

07 Feb 2026 |   36



ब्यूरो देवी शरण मिश्रा 

प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने अमेठी के कार सवार सर्राफा कारोबारी से पिस्टल सटाकर तीन किलो चांदी और नौ लाख रुपये लूटकर भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।आनन फानन में घटनास्थल पर पहुंचे एसपी दीपक भूकर पीड़ित से पूछताछ की। बदमाशों को पकड़ने के लिए एसओजी को लगाया गया है।

सर्राफा कारोबारी प्रयागराज से एक व्यापारी से मुलाकात करके और 7 किलो चांदी खरीदकर अपने घर अमेठी लौट रहे थे। कार में उनके साथ उनका एक दोस्त और ड्राइवर भी मौजूद था,तभी बीच रास्ते में प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर उन्हें लूट लिया गया।घटना के 40 मिनट तक व्यापारी ने डर की वजह से पुलिस को सूचना तक नहीं दी।हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने व्यापारी को रोड किनारे बदहवास,परेशान हालत में देखा तो पूछताछ की। इसके बाद बाद व्यापारी ने लूट की पूरी कहानी बताई।पुलिस ने कार की जांच की तो सीट के नीचे 4 किलो चांदी छिपी हुई मिली।फिलहाल व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, ताकि लुटेरों का कोई सुराग मिल सके।

अमेठी जिले के ज्ञानपुर निवाशी रितेश मौर्य की रामगंज बाजार में सर्राफ की दुकान है। रितेश शुक्रवार को अपने दोस्त विकास सोनी के साथ कार से प्रयागराज जेवरात खरीदने गए थे।खरीदारी कर वह देर शाम घर के लिए निकले।इसी दौरान प्रतापगढ़ में प्रयागराज–अयोध्या हाईवे पर देल्हुपुर थाना क्षेत्र में गजहेड़ा जंगल के पास एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक किया। बदमाशों ने आगे जाकर बीच रोड पर बाइक लगाकर कार को रोक लिया।इसके बाद बदमाश कार के पास आए और रास्ता पूछने के बहाने शीशा खुलवाया।शीशा खुलते हुए बदमाशों ने रितेश मौर्या के छाती से पिस्टल सटा दी और कार में रखा जेवर-नगद से भरा हुआ बैग लूट लिया। रितेश और विकास ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी।इसके बाद बदमाश बैग लेकर भाग निकले।रितेश ने बताया दो बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि तीसरे ने मुंह पर गमछा बांधा हुआ था।

रितेश मौर्या ने इनकम टैक्स के डर से पुलिस को लगभग 40 मिनट तक कोई सूचना ही नहीं दी। इसी दौरान लगभग 9:15 बजे वहां से गुजर रही हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने रितेश को सड़क पर बदहवास खड़े देखा। पास जाकर पूछताछ की तो रितेश ने लूट की पूरी कहानी बताई।सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राधे बाबू घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर में रानीगंज क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी,अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेंद्र लाल,सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा समेत कई थानों की फोर्स और एस‌ओजी टीम मौके पर पहुंची।पुलिस ने कार की जांच की तो अगली सीट के नीचे 4 किलो चांदी छिपी हुई मिली।
पीड़ित से पूछताछ के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई।सूचना पर एसपी दीपक भूकर ने जायजा लिया। इसके उपरांत पीड़ित व्यापारी से पूछताछ करते रहे। 

एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि व्यापारी की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।पुलिस ने हाईवे और संपर्क मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस देर रात तक मौके पर जांच-पड़ताल करती रही,लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

सराफ से लूट की घटना का जल्द खुलासा होगा। मामले की जांच के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। दीपक भूकर एसपी प्रतापगढ़

More news