भारत ने रचा इतिहास:1.78 लाख करोड़ पहुंचा रक्षा उत्पादन,डिफेंस स्टॉक्स में जोरदार रैली  
भारत ने रचा इतिहास:1.78 लाख करोड़ पहुंचा रक्षा उत्पादन,डिफेंस स्टॉक्स में जोरदार रैली  

18 Jun 2026 |   30




नई दिल्ली।भारत की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग ने इतिहास रच दिया है।देश का घरेलू रक्षा उत्पादन वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।इससे बुधवार को डिफेंस स्टॉक्स में तेजी देखी गई।

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में भारत ने बनाया रिकॉर्ड

यह पिछले वर्ष के 1.54 लाख करोड़ रुपये से 15.6 प्रतिशत अधिक और वित्तीय वर्ष 2020-21 (पिछले 5 साल) के 84,643 करोड़ रुपये की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। अगर एक दशक पहले (2013-14) के आंकड़ों से तुलना की जाए, तो भारत का स्वदेशी रक्षा उत्पादन लगभग चार गुना बढ़ चुका है,जो तब केवल 43,746 करोड़ रुपये था।

कैसे आई तेजी

प्रोडक्शन में यह उछाल सरकार के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रिकॉर्ड 7.85 लाख करोड़ रुपये के रक्षा बजट के साथ आया है। इसमें से 2.19 लाख करोड़ रुपये विशेष रूप से सैन्य आधुनिकीकरण और पूंजीगत अधिग्रहण के लिए रखे गए हैं। यह बजट भी 2013-14 के 2.53 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले तीन गुना से अधिक हो चुका है।

सरकारी कंपनियों का दबदबा

भारतीय रक्षा उत्पादन में अभी भी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (DPSUs) की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा (करीब 76%) है। लेकिन, सबसे बड़ा बदलाव प्राइवेट सेक्टर की बढ़ती भागीदारी में दिख रहा है।वित्तीय वर्ष 2025-26 में निजी कंपनियों ने लगभग 42,000 करोड़ रुपये मूल्य का उत्पादन किया।कुल रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी एक साल पहले के 22 प्रतिशत से बढ़कर अब 24 प्रतिशत हो गई है।

38,424 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड एक्सपोर्ट

भारत अब केवल आयात कम करने की कोशिश नहीं कर रहा, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक बड़ा निर्यातक बनकर उभरा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिसमें करीब आधी हिस्सेदारी निजी क्षेत्र की है।फिलीपींस के बाद अब वियतनाम भी ब्रह्मोस मिसाइल का ग्राहक बनकर उभरा है, जबकि इंडोनेशिया और अन्य दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश इसमें गहरी रुचि दिखा रहे हैं।भारत के तोपखाने सिस्टम,राडार,मिसाइलें और पेट्रोल वेसल्स अब एशिया,अफ्रीका और यूरोप के कुछ हिस्सों में अपनी जगह बना रहे हैं।

डिफेंस स्टॉक्स में तेजी

भारत के डिफेंस प्रोडक्शन में रिकॉर्ड तेजी से बुधवार को डिफेंस स्टॉक्स में जबरदस्त तेजी देखी गई।बीएसई सेंसेक्स पर पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज का शेयर 18.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 1286.55 रुपये पर बंद हुआ।हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के शेयर में 4.79 प्रतिशत की तेजी आई और यह 4460.35 रुपये पर बंद हुआ।भारत डायनेमिक्स का शेयर 5.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1310.30 रुपये पर बंद हुआ।मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर में 3.44 प्रतिशत का उछाल आया और यह 2551.60 रुपये पर बंद हुआ।

More news