नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मेट्रो से आए दिन कोई न कोई हैरान करने वाली खबर सामने आती रहती है।कभी लड़ाई,कभी अश्लील रील बनाने का मामला सामने आता है।इस बार आम लोगों ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को इस विषय में शिकायत करते हुए फोटो-वीडियो शेयर किए हैं।किसी ने झुग्गी-झोपड़ी के लोगों से परेशानी गिनाई,तो किसी ने बीच सीढ़ियों हंगामा करने वाली महिला का जिक्र करके सवाल उठाया। जानें इन मामलों पर डीएमआरसी ने क्या कहा।
झुग्गी-बस्ती वालों ने नाक में दम कर रखा....
सबसे पहले झुग्गी-बस्ती वालों द्वारा नाक में दम कर देने वाली शिकायत की बात करते हैं।यूज़र त्रिवेणी पांडेय ने हाथ में डंडा लिए एक बच्चे की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,सराए काले खां मेट्रो स्टेशन पर झुग्गी-बस्ती वालों ने यात्रियों की नाक में दम कर रखा है। स्टेशन पर छोटे बच्चे हाथ में डंडे लेकर अंदर घुस जाते हैं ,ये मेट्रो की सुरक्षा पर सवाल है।
जानें डीएमआरसी ने क्या कहा
इस पर डीएमआरसी ने जवाब देते हुए लिखा कि किसी भी परेशानी के लिए माफी चाहते हैं। स्टाफ समय-समय पर स्टेशन का चक्कर लगाता है और सिक्योरिटी स्टाफ की मदद से ऐसे भिखारियों/अतिक्रमण करने वालों को रेगुलर तौर पर स्टेशन से हटा दिया जाता है। इसके अलावा ऐसी कोई समस्या होने पर तुरंत कार्रवाई के लिए कृपया नजदीकी कस्टमर केयर सेंटर से संपर्क करें या डीएमआरसी 24X7 हेल्पलाइन 155370 पर कॉल करें।
मेट्रो को छपरी मुक्त बनाओ
दूसरा मामला नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन का है।शेयर किए गए वीडियो में एक महिला स्टेशन की सीढ़ियों पर बैठी हुई दिखाई देती है।सीढ़ियों पर गुलाबी रंग से लिखा होता है-सीढ़ियों पर आना मना है। कोई भी सीढ़ियों से नीचे जाने की कोशिश करता, तो महिला उसे रोकने लगती और गुस्सा करने लगती। इसी वीडियो को डीएमआरसी को टैग करते हुए सनातन नामक पेज ने लिखा- नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन पर यह पब्लिक न्यूसेंस क्या है,इसे छपरी मुक्त बनाओ।
डीएमआरसी ने ये कहा
इस शिकायत पर जवाब देते हुए डीएमआरसी ने कुछ पहले जैसी भाषा में लिखा-किसी भी परेशानी के लिए माफी चाहते हैं। जानकारी मिलने पर सही कार्रवाई की गई है। किसी भी दिक्कत के मामले में पैसेंजर तुरंत मदद के लिए 24X7 हेल्पलाइन 155370 पर हमसे संपर्क कर सकते हैं।हालांकि उन्होंने एक्शन लेने की बात का भी जिक्र किया है।