चांदी में बड़ी गिरावट,₹4000 सस्ती,सोना भी बिखरा
चांदी में बड़ी गिरावट,₹4000 सस्ती,सोना भी बिखरा

03 Nov 2026 |   41



 

नई दिल्ली।सोना-चांदी की कीमतों में सोमवार को जहां तेज उछाल आया था,तो वहीं मंगलवार को दोनों के भाव एक बार फिर से क्रैश नजर आए।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX)पर एक ओर चांदी की कीमत खुलने के साथ ही 4400 रुपये प्रति किलो घट गई, तो वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोना भरभराकर टूटकर 1300 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया।

चांदी फिर 1.80 लाख रुपये के नीचे 

बीते कारोबारी दिन 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली चांदी तेज रफ्तार से भागी थी और करीब 4600 रुपये से अधिक उछलकर 1.83 लाख रुपये के पार पहुंच गई थी,लेकिन ये एक दिन की तेजी रही और मंगलवार को ओपनिंग के साथ ही चांदी का दाम फिर से 1.80 लाख रुपये के नीचे आ गया।शुरुआती कारोबार में वायदा चांदी 1,79,350 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।

झटके में इतनी सस्ती हुई चांदी 

वायदा कारोबार में बीते कारोबारी दिन चांदी की कीमत 1,83,779 रुपये प्रति किलोग्राम पर क्लोज हुई थी‌वहीं मंगलवार को जैसे ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कारोबार की शुरुआत हुई ये कीमती धातु फिसलकर 1,79,350 रुपये पर आ गई. ऐसे में कैलकुलेशन करें, तो एमसीएक्स पर 1 किलो चांदी का दाम खुलते ही 4429 रुपये प्रति किलोग्राम कम हो गया।

हाई से 2.40 लाख टूटा भाव 

चांदी की कीमत में आई इस हालिया गिरावट के बाद अब ये अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से और भी ज्यादा सस्ती हो गई है।दरअसल 29 जनवरी 2026 को ही चांदी के दाम ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार किया था और 4,20,048 रुपये के हाई लेवल पर पहुंची थी, लेकिन ये अब इस लेवल से 2.40 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती मिल रही है।

चांदी ही नहीं सोना भी सस्ता

न सिर्फ चांदी की कीमत क्रैश हुई है,बल्कि सोने का दाम भी बिखरा है। MCX गोल्ड भाव पर नजर डालें तो मंगलवार को वायदा कारोबार की शुरुआत होते ही 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाले 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का वायदा भाव फिसलकर 1,38,800 रुपये पर आ गया, जबकि बीते कारोबारी दिन ये 1,40,186 रुपये पर बंद हुआ था. ऐसे में सोना एक झटके में ही 1386 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।

घरेलू बाजार में कल भी फिसले थे सोना-चांदी 

भले ही सोमवार को सोना-चांदी की वायदा कीमत में उछाल आया था,लेकिन घरेलू बाजार में ये दोनों लगातार सस्ती ही हो रही हैं। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक 2 नवंबर घरेलू मार्केट में 24 कैरेट सोने का भाव बीते 30 अक्टूबर के बंद 1,40,054 रुपये से 2530 रुपये सस्ता होकर 1,37,524 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था‌।वहीं 1 किलो चांदी की कीमत 30 अक्टूबर के 1,81,344 रुपये की तुलना में 1372 रुपये सस्ती होकर 1,79,972 रुपये प्रति किलो रह गई थी।

More news