मासूम बच्चे की पाती ने सीएम योगी का छुआ दिल,खेल के लिए स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाने का रास्ता साफ
मासूम बच्चे की पाती ने सीएम योगी का छुआ दिल,खेल के लिए स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाने का रास्ता साफ

28 Jul 2026 |   37



 

मुरादाबाद।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक मासूम बच्चे की चिट्ठी ने ऐसा असर दिखाया कि हर कोई खुश है। सीएम ने फौरन फैसला लेते हुए केवल मासूम नहीं खेल प्रेमी हजारों बच्चों का दिल खुश कर दिया है।मासूम की चिट्ठी ने बता दिया है कि जब सिस्टम और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि किसी शहर की बुनियादी जरूरतों को अनदेखा कर देते हैं,तब एक मासूम की कलम भी पूरे प्रशासनिक अमले को हरकत में ला सकती है।

मुरादाबाद के बिलारी में ऐसा ही देखने को मिला।बिलारी के कक्षा-6 के एक छात्र ने बच्चों के खेलने के लिए पार्क न होने का दर्द सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रख दिया। सीएम कार्यालय पर छात्र की चिट्ठी पहुंचते ही तुरंत संज्ञान लिया गया।डीएम से लेकर पालिका के ईओ तक हरकत में आए और अब नगर में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

मामला नगर के मोहल्ला बाजार का है।यहां रहने वाले मोहम्मद जीशान पाशा का बेटा मोहम्मद ऐदान पाशा कक्षा-6 का छात्र है।गर्मियों की छुट्टियों के दौरान जब ऐदान को खेलने के लिए कोई जगह नहीं मिली,तो उसने सीधे सीएम योगी को अपने हाथ से एक भावुक चिठ्ठी लिखी।मासूम के इस चिट्ठी की गंभीरता को देखते हुए सीएम के उप-सचिव रामगोपाल सिंह ने तत्काल जिलाधिकारी मुरादाबाद को मामले की जांच व आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

शासन के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी संगीता गौतम और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने पूरे मामले की पड़ताल कराई। जांच के बाद एडीएम प्रशासन और ईओ ने छात्र ऐदान के परिवार को लिखित पत्र भेजकर आधिकारिक सूचना दी कि नगर में खेल मैदान व पार्क की व्यवस्था की जा रही है।

प्रशासनिक पत्राचार के बाद छात्र एदान के परिजनों को अवगत कराया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-25 स्थित जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान (गाटा संख्या-720) में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटीज सेंटर का निर्माण कार्य शासन स्तर से मंजूर कर लिया गया है। पालिका अधिकारियों के अनुसार, शासन से बजट की किस्त जारी होते ही नगर पालिका परिषद बिलारी द्वारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

बिलारी नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यालय से संज्ञान लेने के बाद एडीएम प्रशासन की ओर से नगर पालिका से आख्या मांगी गई। पालिका ने अवगत कराया कि वार्ड संख्या-25 में गाटा संख्या-720 पर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर के निर्माण को शासन स्तर से पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। शासन से धनराशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

More news