राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO चयन के लिए जबरिया रिटायर आईपीएस अमिताभ ठाकुर को भेजा कॉल लेटर,भरा गूगल फार्म
राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO चयन के लिए जबरिया रिटायर आईपीएस अमिताभ ठाकुर को भेजा कॉल लेटर,भरा गूगल फार्म

25 Jul 2026 |   25



 

लखनऊ।श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।ट्रस्ट ने जबरिया रिटायर आईपीएस आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर सहित सभी अभ्यर्थियों को विस्तृत ऑनलाइन मूल्यांकन प्रपत्र भेजा है।इसमें नेतृत्व क्षमता,प्रशासनिक अनुभव,प्रबंधन कौशल,संस्थागत दृष्टि, नैतिक मूल्यों और सामाजिक-आध्यात्मिक प्रतिबद्धता से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न शामिल हैं।ट्रस्ट की ओर से आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026 है।

ट्रस्ट द्वारा भेजे गए मूल्यांकन प्रपत्र में अभ्यर्थियों की नेतृत्व क्षमता,प्रशासनिक अनुभव,संस्थान संचालन की समझ,निर्णय लेने की क्षमता,नैतिक आचरण और धार्मिक-सामाजिक दृष्टिकोण का विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है।माना जा रहा है कि इसी आधार पर योग्य उम्मीदवारों का चयन आगे की प्रक्रिया के लिए किया जाएगा।

अमिताभ ठाकुर ने बताया कि उन्हें भी ट्रस्ट की ओर से यह मूल्यांकन प्रपत्र प्राप्त हुआ है,उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक जानकारियां भरकर आवेदन ट्रस्ट को भेज दिया है।ट्रस्ट की ओर से आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि इस तरह का विस्तृत मूल्यांकन प्रपत्र चयन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और योग्यता-आधारित बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।अमिताभ ठाकुर ने उम्मीद जताई कि ट्रस्ट CEO का चयन पूरी निष्पक्षता और वस्तुनिष्ठता के साथ करेगा,जिससे संस्था को एक सक्षम प्रशासनिक नेतृत्व मिल सकें।

बता दें कि राम मंदिर के संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है,ऐसे में यह मूल्यांकन चरण चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

More news