सीएम योगी ने बिजनौर से सपा पर साधा निशाना,कहा-दंगा कराने वालों को जिन्ना पसंद है,हमें गन्ना पसंद
सीएम योगी ने बिजनौर से सपा पर साधा निशाना,कहा-दंगा कराने वालों को जिन्ना पसंद है,हमें गन्ना पसंद

18 Jul 2026 |   24



 

बिजनौर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर पहुंचे।सीएम ने 1,003 करोड़ से अधिक की लागत वाली 76 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया।विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किये।

वर्धमान कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।सीएम ने कहा कि जिन लोगों को दंगा,गुंडागर्दी और माफिया वाला उत्तर प्रदेश चाहिए था,लेकिन उनकी सरकार ने प्रदेश को अपराध,दंगा,कर्फ्यू और माफिया से मुक्त बनाने का काम किया है। सीएम ने कहा कि जिन लोगों को दंगा युक्त,गुंडा युक्त,अपराध और माफिया से युक्त बिजनौर चाहिए था,वे समाज को बांटने वाले लोग हैं। उन्हें जिन्ना पसंद हैं,लेकिन हमें जिन्ना नहीं,गन्ना पसंद है। इसलिए हमारी सरकार ने गन्ना किसानों के हित में गन्ने का मूल्य भी बढ़ाया है।

सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारें अपराधियों पर नियंत्रण करने में खुद को असमर्थ बताती थीं।इसी वजह से कांवड़ यात्रा,जन्माष्टमी,श्रीराम नवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगा दी जाती थी।सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, इसलिए कांवड़ यात्रा सहित सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और पूरे उत्साह के साथ संपन्न हो रहे हैं। 

सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले मुख्यमंत्री बिजनौर को अपशकुन मानकर यहां नहीं आते थे,लेकिन असल में वो खुद ही अपशकुन थे,जिस पावन धरा पर भगवान कृष्ण खुद आने को आतुर रहे और महात्मा विदुर के घर साग खाया, वहां भला कौन नहीं आना चाहेगा। सीएम ने तंज कसा कि पहले के नेता रात देर तक जागते थे,सुबह देर से सोते थे और अपनी मंडली में बैठे रहते थे,उनके पास जनता से मिलने का समय ही नहीं था।सीएम ने आरोप लगाया कि कुछ लोग योगेंद्र नाथ मंडल की तरह काम करते हुए दलित समाज को हिंदू समाज से लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

बिजनौर के साहित्यकारों,वैज्ञानिकों और समाजसेवियों का उल्लेख कर सीएम योगी ने जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की चर्चा की।सीएम ने मंच से मौजूद जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर उनके क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की भी सराहना की।सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास,सुरक्षा और सुशासन के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाकर निवेश और विकास का बेहतर माहौल तैयार किया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि गन्ने की खेती के लिए प्रसिद्ध बिजनौर आज तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।जिले में हाईवे,रेलवे,मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान भी मिल रहा है।सीएम ने कहा कि जिन्हें बिजनौर का विकास दिखाई नहीं देता,उन्हें जिले की बदलती तस्वीर देखने की जरूरत है।सीएम ने हल्के अंदाज में कहा कि जरूरत पड़े तो बिजनौर का चर्चित तेंदुआ भी दिखा दीजिए, शायद तब उन्हें यहां का विकास नजर आए।

सीएम योगी ने कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस के पाप के कारण हुआ,जिसका खामियाजा भुगतने वाले पाकिस्तान-बांग्लादेश के प्रवासियों को हमारी सरकार ने 50 साल बाद अधिकार दिया।सीएम ने सपा-कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पहले केंद्र के भेजे 85 पैसे में से केवल 15 पैसे पहुंचते थे और ये लोग बच्चों की छात्रवृत्ति व पेंशन खा जाते थे।

More news