73 लाख की सौगात से संवरेगा प्राचीन शिव मंदिर,भूमि पूजन के साथ सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ
73 लाख की सौगात से संवरेगा प्राचीन शिव मंदिर,भूमि पूजन के साथ सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ

16 Jul 2026 |   35



 

कोपागंज (मऊ)।क्षेत्र के लैरो दोनवार स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंदिर परिसर में बनने वाले बहुउद्देश्यीय हाल के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर किया गया। योगी सरकार द्वारा मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए स्वीकृत 73 लाख रुपये की परियोजना के अंतर्गत यह निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ।

भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हिंदू युवा वाहिनी के अजय सिंह (योगी सेवक) ने कहा कि ग्राम लैरो दोनवार का यह शिव मंदिर मुगलकालीन ऐतिहासिक धरोहर है।मंदिर परिसर में आज भी मुगल आक्रमण के दौरान खंडित की गईं प्राचीन प्रतिमाएं मौजूद हैं,जो इसकी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता की साक्षी हैं।उन्होंने बताया कि इस मंदिर में म‌ऊ जनपद ही नहीं,बल्कि आसपास के अनेक जिलों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

अजय सिंह ने कहा कि मंदिर की प्राचीनता और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए उन्होंने गत वर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंदिर के सौंदर्यीकरण का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री द्वारा मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए 73 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई,जिसके अंतर्गत आज बहुउद्देश्यीय हाल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।

अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ-साथ छोटे-बड़े प्राचीन मंदिरों का भी संरक्षण एवं विकास कराया जा रहा है। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सनातन संस्कृति और विरासत को भी नई मजबूती मिलेगी।

मंदिर के पुजारी सत्यप्रकाश ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यह धार्मिक स्थल और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनेगा।

ग्रामीण रामनवल सिंह ने कहा कि मंदिर परिसर में बनने वाला बहुउद्देश्यीय हाल ग्राम सभा के लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं मांगलिक आयोजनों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।इसके लिए क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कृपा नारायण पांडेय,ज्ञानू पांडेय,दुबे जी,अरविंद सिंह,अमित सिंह,विवेक सिंह,मनीष पांडेय,हरिओम पांडेय, विजय सिंह,चंदन मौर्य सहित सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

More news