संभल में सीएम योगी के बयान पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का पलटवार,बोले- तुर्कों से भयभीत हैं मुख्यमंत्री
संभल में सीएम योगी के बयान पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का पलटवार,बोले- तुर्कों से भयभीत हैं मुख्यमंत्री

20 Jul 2026 |   41



 

संभल।समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभल दौरे और उनके भाषण पर पलटवार किया है।बर्क ने प्रेस कांफ्रेंस कर तुर्कों के इतिहास से लेकर रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी तक के मुद्दे पर बेबाक राय रखी।

संभल में जनसभा के दौरान सीएम योगी द्वारा तुर्क समाज और अवैध कब्जों को लेकर दी गई टिप्पणी पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क बुरी तरह भड़क गए।प्रेस कांफ्रेंस में बर्क ने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर रहने के बावजूद योगी आदित्यनाथ तुर्कों से भयभीत नजर आते हैं, इसीलिए उन्हें संभल या मुरादाबाद आकर केवल तुर्क ही याद आते हैं।बर्क ने कहा कि मुख्यमंत्री को तुर्कों का इतिहास पता होना चाहिए,जिन्होंने देश की आजादी में अपना खून-पसीना बहाया है। देश में लाल किला,ताजमहल और कुतुब मीनार जैसी इमारतें तुर्कों ने बनाई हैं और सरकार चाहे तो भी इनकी पहचान नहीं मिटा सकती है।

 जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मुख्यमंत्री किस स्तर की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस प्रकार की बयानबाजी शोभा नहीं देती। बर्क ने अपनी विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि उनके दादा शफीकुर्रहमान बर्क से उन्हें निडर होकर जनता की आवाज उठाने की प्रेरणा मिली है।बर्क ने स्पष्ट किया कि टोपी उनकी पहचान है और किसी में इतनी हिम्मत नहीं कि वह इस टोपी को उतार सके।

सीएम योगी के 100 साल बाद भी कब्र से जिन्न निकालकर जमीन वापस दिलाने वाले बयान पर जियाउर्रहमान बर्क ने सवाल उठाया।बर्क ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री के पास 100 साल तक जिंदा रहने का सर्टिफिकेट है।बर्क ने कहा कि यह देश किसी नफरत की भाषा या धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि बाबा साहेब के संविधान, महात्मा गांधी की प्रेरणा और एपीजे अब्दुल कलाम जैसी शख्सियतों के विचारों से चलेगा।

रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों पर कार्रवाई की बात पर जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि यह संस्थान काफी जद्दोजहद के बाद बच्चों के भविष्य के लिए बनाया गया है, जहां सभी धर्मों के बच्चे पढ़ते हैं।यदि कोई कमी है तो जुर्माना लगाया जाना चाहिए, लेकिन तोड़ने की बात करना सरासर नाइंसाफी है,वे इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।इसके अलावा बर्क ने एनसीबी के रिकॉर्ड का हवाला देकर यूपी में बढ़ते अपराध,बेरोजगारी, पेपर लीक और फर्जी एनकाउंटर के मुद्दों पर भी योगी सरकार को घेरा।

More news