मेरठ।कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है।कांवड़ यात्रा को लेकर 29 जुलाई की रात 12 बजे से दिल्ली-रुड़की हाईवे पर भारी वाहनों के संचालन बंद हो जाएगा।साथ ही गंगनहर पटरी भारी और हल्के,जबकि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।दो अगस्त से हाईवे वनवे हो जाएगा।
हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली साइड पर कांवड़िये चलेंगे, जबकि दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली साइड पर हल्के वाहन (चार पहिया और दुपहिया) आ-जा सकेंगे। कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए पांच अगस्त से हल्के वाहनों पर भी रोक लगा दी जाएगी। इमरजेंसी सेवाओं और यातायात विभाग से पास जारी वाले वाहनों का संचालन जारी रहेगा।गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर पर भारी वाहनों का संचालन जारी रहेगा। गंगा एक्सप्रेसवे का खरखौदा कट बंद कर दिया जाएगा। एक्सप्रेसवे पर बिजौली वाले कट से ही वाहन चढ़ेंगे और उतरेंगे। इकोनामिक कारिडोर पर शहर के लोग सरधना रोड से जा सकेंगे। यह आदेश 12 अगस्त तक लागू रहेंगे।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-दून इकोनामिक कारिडोर से आने वाले इमरजेंसी सेवा के भारी वाहनों को रात एक से तीन बजे तक शहर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा।आवश्यक वस्तुओं दूध, फल सब्जी एवं अन्य खाद्य वस्तुओं के आवागमन हेतु उपयोग में लाये जाने वाले वाहनों के लिए कांवड़ स्टीकर पास जारी होगा। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस समेत इमरजेंसी की सभी सेवाएं चलती रहेंगी।वहीं खतौली से मुरादनगर तक गंगनहर कांवड़ पटरी पर 29 जुलाई से हल्के और भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जाएगी।