लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं।कहीं झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है,तो कहीं तेज धूप और थमी हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी है।नोएडा में काले बादल बारिश का संकेत दे रहे हैं,जबकि मेरठ और अमरोहा में बादल बरस चुके हैं।वहीं बलिया के लोग अब भी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
लखनऊ,बाराबंकी,हरदोई समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने लखनऊ,बाराबंकी, हरदोई,सीतापुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है,इसके साथ ही यूपी के कई हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वांचल और मध्य यूपी के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं।जौनपुर,प्रयागराज,अमेठी,सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और अयोध्या में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।अंबेडकरनगर,कुशीनगर,देवरिया,महाराजगंज,बहराइच और गोंडा में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
अमरोहा में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत
अमरोहा में अचानक मौसम ने करवट ले ली।नौगावां सादात क्षेत्र में झमाझम बारिश शुरू होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।लंबे समय बाद हुई बारिश से लोगों के चेहरों पर राहत नजर आई, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी बनी हुई है।
मेरठ में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
मेरठ में शनिवार सुबह हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई।हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।वहीं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है,क्योंकि जलभराव की समस्या दोबारा खड़ी होने की आशंका है।प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
बलिया में तेज धूप और उमस से लोग बेहाल,बारिश का इंतजार
बलिया में शनिवार सुबह से तेज धूप का असर देखने को मिल रहा है।बीच-बीच में बादलों की हल्की आवाजाही से कुछ देर राहत जरूर मिल रही है,लेकिन फिलहाल बारिश के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं।हवा लगभग थम जाने से गर्मी और उमस बढ़ गई है,किसान खेतों के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं, जबकि आमजन भी तेज धूप और उमस से राहत मिलने की उम्मीद लगाए आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।
गाजियाबाद में हल्की धूप के बीच बारिश के आसार नहीं
गाजियाबाद में शनिवार सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई।हालांकि लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है।दोपहर बाद धूप का असर कुछ कम हुआ है,जिससे मौसम और भी खुशनुमा हो गया।फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है,लेकिन आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
नोएडा में छाए काले बादल,आज-कल बारिश के आसार
नोएडा में शनिवार सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं।बादलों के बीच चल रही ठंडी हवाओं से मौसम में नमी बनी हुई है और लोगों को तेज गर्मी से राहत महसूस हो रही है, मौसम विभाग के मुताबिक शहर का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने आज से कल सुबह तक नोएडा और आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है,आने वाले दिनों में भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने के आसार हैं।
इन जिलों में भी बारिश की संभावना
बुंदेलखंड और मध्य-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम बदल सकता है।कानपुर,जालौन,उन्नाव,इटावा,औरैया, आगरा,मैनपुरी,फिरोजाबाद,एटा,कासगंज और फर्रुखाबाद में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक...
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी,मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।प्रयागराज,वाराणसी,कौशांबी जैसे कई जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
यहां के लिए बारिश का अलर्ट
प्रयागराज,वाराणसी,कौशांबी,प्रतापगढ़,जौनपुर,वाराणसी, संतरवीदास नगर,मिर्जापुर,चंदौली,सोनभद्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं,इसके साथ ही गरज-चमक और बारिश होने की आशंका जताई गई है।
कल फिर से होगा मानसून सक्रिय
26-27 जुलाई से फिर मानसून सक्रिय होगा।कई जिलों में दोबारा अच्छी बारिश के आसार है,इससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी।