ओपी राजभर ने शिवपाल यादव को दी खुली चुनौती,कहा-दम है तो जहूराबाद से चुनाव लड़ लें
ओपी राजभर ने शिवपाल यादव को दी खुली चुनौती,कहा-दम है तो जहूराबाद से चुनाव लड़ लें

20 Jun 2026 |   21



 

अंबेडकरनगर।उत्तर प्रदेश की सियासत में पल-पल बदलते सियासी समीकरणों के बीच अब एक नया घमासान शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लगातार घेर रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अब सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है।अंबेडकरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान ओपी राजभर ने शिवपाल सिंह यादव को सीधे अपनी विधानसभा सीट जहूराबाद से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दे डाली।राजभर ने अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव पर तीखे हमले करते हुए पुराने राजनीतिक विवादों का भी जिक्र किया।दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग अब और तेज होती नजर आ रही है।

अखिलेश ने मंच से धक्का देकर निकाला था,आज भी तिरछी नजर से देखे जा रहे शिवपाल

सपा सांसद और नेताओं के बयानों से भड़के ओम प्रकाश राजभर ने शिवपाल सिंह यादव पर हमला बोलते हुए उनके पुराने दिनों और बयानों की याद दिलाई।राजभर ने तीखे लहजे में कहा शिवपाल जी बेचारे क्या करेंगे,या तो वह खुद जहूराबाद आकर चुनाव लड़ लें या फिर अखिलेश जी को लड़ा दें,उन्हें समझ आ जाएगा कि अखिलेश ने उन्हें किस किनारे लगाकर छोड़ दिया है।लोगों को याद होगा कि कैसे मंच से धक्का देकर शिवपाल जी को पार्टी से निकाला गया था,जिसके बाद उन्होंने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाई थी।
राजभर ने दावा किया कि शिवपाल यादव ने खुद अपनी पुरानी पार्टी (सपा) को चोर-उचक्कों और शराब माफियाओं की पार्टी बताया था और कहा था कि सपा में एक शकुनि बैठा है।राजभर ने चुनौती दी कि उनके पास इन बयानों का वीडियो मौजूद है,जिसकी कोई भी जांच करा सकता है।आज भी शिवपाल यादव को समाजवादी पार्टी में तिरछी नजर से ही देखा जाता है।

राम मंदिर विवाद पर अखिलेश को कोसा

चंदे और चढ़ावे की हेरफेर को लेकर योगी सरकार पर हमलावर विपक्ष और अखिलेश यादव पर भी ओपी राजभर जमकर बरसे।राजभर ने कहा ट्रस्ट का मामला है सरकार का नहीं।अखिलेश यादव आज तक कभी राम मंदिर दर्शन करने नहीं गए,यह बात सब जानते हैं,उन्हें पता होना चाहिए कि मंदिर पर सरकार का कोई अधिकार नहीं है,उसका मालिक ट्रस्ट है,जब ट्रस्ट ने गड़बड़ी की बात कही तो सरकार ने तुरंत एसआईटी का गठन कर दिया,जांच चल रही है और जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।

चाचा शिवपाल का पलटवार

बता दें कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब भतीजे अखिलेश यादव पर ओपी राजभर के लगातार हमलों को देखकर चाचा शिवपाल सिंह यादव ढाल बनकर खड़े हो गए। शिवपाल ने ओपी राजभर को आड़े हाथों लेते हुए एक बेहद तल्ख बयान दिया था,जो राजभर को बेहद चुभ गया।शिवपाल ने ओपी राजभर पर निशाना साधते हुए कहा था,राजभर हमेशा ऐसी बकवास बातें सिर्फ अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए करते रहते हैं।अब चुनाव नजदीक आ रहा है तो इनका मकसद सिर्फ ज्यादा से ज्यादा सीटों की बारगेनिंग करना है। ज्यादा सीटें मिलेंगी तो टिकट बेचकर पैसे कमाएंगे,यही तो इन लोगों का असली धंधा है।

अब आमने-सामने शिवपाल और राजभर

कुछ समय पहले तक ओम प्रकाश राजभर और शिवपाल सिंह यादव एक-दूसरे को सार्वजनिक मंचों पर अपना अच्छा दोस्त बताते नहीं थकते थे,लेकिन यूपी की बदलती सियासी हवा के बीच अब यह दोस्ती पूरी तरह दुश्मनी और सियासी अखाड़े में तब्दील हो चुकी है।अखिलेश यादव के बाद अब शिवपाल सिंह यादव का सीधे राजभर के निशाने पर आना यह साफ संकेत देता है कि आने वाले दिनों में यह जुबानी तीर और ज्यादा तीखे होने वाले हैं।

More news