ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने पार्टी के उम्मीदवार चयन और आर्थिक सहयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।मायावती ने कहा कि बसपा को बदनाम करने के लिए विरोधी दल और मीडिया का एक वर्ग सुनियोजित तरीके से दुष्प्रचार कर रहा है।चुनाव नजदीक आते ही ऐसी गतिविधियां बढ़ जाती हैं,जिनका मकसद बसपा के बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक मजबूती को नुकसान पहुंचाना होता है।कार्यकर्ताओं से अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए मिशन-2027 की तैयारियों पर मायावती ने जोर दिया।
शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि बसपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलने वाली ऐसी पार्टी है,जो बड़े पूंजीपतियों या धनकुबेरों के इशारों पर नहीं,बल्कि अपने समर्थकों के सहयोग और समर्पण के बल पर आगे बढ़ती है।वजह है कि संकीर्ण,जातिवादी और पूंजीवादी ताकतों को बसपा की मजबूती रास नहीं आती। मायावती ने कहा कि उम्मीदवार चयन को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि पार्टी में चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ होती है।
मायावती ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत पार्टी के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिशन-2027 को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटे हैं। मायावती ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विरोधियों के प्रायोजित दुष्प्रचार और अफवाहों से भ्रमित न हों। मायावती ने दावा किया कि पार्टी की बढ़ती तैयारियों और जनसमर्थन को देखकर विरोधी दलों की बेचैनी बढ़ गई है, इसलिए वे लगातार भ्रामक अभियान चला रहे हैं।