लखनऊ।एक कहावत है जाति न पूछो साधु की,देखो उसका ज्ञान।यानी कि आप साधु की जाति मत देखिए,यह देखिए की उसको ज्ञान कितना है।कुछ ऐसी ही कहावत उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों सुनी जा रही है।कहावत है,जाति न देखो अपराधी की,देख लीजिए अपराध,यानी कि अपराधी की जाति मत देखिए,यह देखिए की उसका अपराध क्या है,लेकिन यह राजनीति है,यहां कुछ लोग पीड़ित के घर पहुंचते हैं तो कुछ लोग अपराधी के घर पहुंचते हैं।बात कुल मिलाकर वोट बैंक की है।अगर अपराधी किसी ऐसी जाति से आता है, जिसका वोट बैंक ज्यादा है तो कुछ राजनीतिक दल उनके घर पहुंच जाते हैं।
जिनका एनकाउंटर हुआ, वह कोई बेगुनाह नहीं
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रेस वार्ता की। इस प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने पुलिस के एनकाउंटर का एक आंकड़ा जारी किया है।इस आंकड़े में अखिलेश ने बताया है कि किस जाति के लोगों का सबसे अधिक एनकाउंटर हुआ है।अखिलेश और उनकी पार्टी लगातार यह आरोप लगाती रही है कि उत्तर प्रदेश की पुलिस जाति को टारगेट करके उनका एनकाउंटर कर रही है,लेकिन अखिलेश यह क्यों भूल जाते हैं कि जिनका एनकाउंटर होता है, वह कोई छोटे-मोटे अपराधी नहीं होते हैं।
जौनपुर का रवि यादव,अलीगढ़ का रजा मोहम्मद
बीते 25 मई को पुलिस ने जौनपुर में रवि यादव का एनकाउंटर कर उसे मार गिराया।रवि यादव कोई छोटा अपराध करके नहीं भागा था,बल्कि वह बीच रास्ते में बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या की थी। 24 मई की रात को अलीगढ़ में दो बदमाश रजा मोहम्मद और मुबीन का एनकाउंटर हुआ,दोनों पर 70 से 80 लूट के मामले दर्ज थे। इनका इलाकों में खौफ था,औरतें घर से बाहर निकलने में डरती थीं।दोनों बदमाशों को पुलिस ने मार गिराया।हाल ही में गाजियाबाद में कैश वैन मशीन लूटने वाले दुर्दांत अपराधी जुबैर का एनकाउंटर किया गया था।इसपर 1 लाख रुपये का इनाम था।
ठाकुर बदमाशों के भी हुए हैं एनकाउंटर
ऐसे में अखिलेश यादव का यह कहना कि यूपी में सबसे अधिक मुसलमानों का एनकाउंटर हुआ है और उसके बाद ब्राह्मण समाज के लोगों का तो अखिलेश यादव शायद इन अपराधियों के अपराध को नहीं देखते हैं,अखिलेश ये देखते हैं कि नाम के पीछे तिवारी लिखा है कि मोहम्मद लिखा है।हाल ही में यूपी पुलिस ने एक आंकड़ा जारी किया था,जिसमें बताया गया था कि 2017 से लेकर अब तक कितने एनकाउंटर हुए हैं,जिसमें बदमाश मारे गए हैं।इन आंकड़ों में मुस्लिम और ब्राह्मण के अलावा क्षत्रिय बिरादरी से भी आने वाले बदमाशों का एनकाउंटर हुआ था।
इन ठाकुर जाति के बदमाशों का हुआ था एनकाउंटर
बता दें कि साल 2024 में 28 अगस्त को सुल्तानपुर में भरतजी ज्वेलर्स की दुकान में 1.4 करोड़ रुपये की बड़ी लूट हुई।इस लूट के बाद खूब बवाल मचा।पुलिस और एसटीएफ ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मंगेश यादव और अनुज प्रताप सिंह को मार गिराया।अनुज प्रताप सिंह को 23 सितंबर 2024 को एसटीएफ ने मार गिराया था,इसके अलावा राजस्थान और यूपी में आतंक का पर्याय रहे मोस्ट वांटेड मुकेश ठाकुर को आगरा पुलिस ने मार गिराया था।इसके अलावा गाजियाबाद में अनिल दुजाना गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी और 50 हजार रुपये के इनामी बलराम ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था।