सीएम योगी ने सुनाई लखनऊ की मजेदार घटना,ढाई करोड़ की कार से 45 रुपये के गमले की चोरी
सीएम योगी ने सुनाई लखनऊ की मजेदार घटना,ढाई करोड़ की कार से 45 रुपये के गमले की चोरी

26 May 2026 |   42



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ अभियान के अंतर्गत लखनऊ नगर निगम की 413 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।इस दौरान सीएम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिकों की जवाबदेही पर जोर दिया।

 सीएम ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर किया कड़ा प्रहार

सीएम योगी ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ा प्रहार किया। सीएम ने कहा कि ढाई करोड़ की कार में चलने वाले नगर निगम का 45 रुपये का गमला चुराकर ले जाते हैं। सीएम ने कहा कि उन्होंने सीसीटीवी कैमरे से इस तरह की चोरी की घटना देखी।

शहर की सफाई के लिए नागरिक भी जवाबदेह

सीएम योगी ने लखनऊ के लोगों से कहा कि शहर को साफ रखने के लिए सिर्फ नगर निगम के महापौर,पार्षद या सफाई कर्मचारी ही जिम्मेदार नहीं हैं।नागरिकों की जवाबदेही भी जरूरी होती है।घर का कूड़ा कूड़ेदान में ही फेकें,प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें,नालियों में कूड़ा नहीं फेकें और सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएं। सीएम ने कहा कि हम गमला लगाते हैं,कोई कार से आता है और गमला उठाकर ले जाता है। हद है.. अरे जितना कार में तेल लग रहा है,उसमें से नया गमला भी ले सकते हैं।

सीसीटीवी कैमरे में दिखी गमले की चोरी

सीएम योगी ने कहा कि यह चोरी का एक नया मॉडल हो गया। मैं देख रहा था बहुत मंहगी कार.. सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं अब तो हर जगह,हम देखते रहते हैं उससे।पता लगा कि ढाई करोड़ की कार से 45 रुपये के गमले को चोरी कर रहे हैं। पता नहीं कितना प्रयास उन्होंने किया, 45 रुपये में एक नया गमला लेकर अपने घर में लगा सकते थे।सम्मान भी रहता और शहर भी अच्छा दिखता। सीएम ने कहा कि एक बार तो मेरे मन में आया था कि उसकी फोटो मैं चौराहे पर लगाऊं।

जनता का पैसा,जनता के लिए

सीएम योगी ने कहा कि पैसा जो हम खर्च करते हैं,ये पैसा न मैं दे रहा हूं,न वित्त मंत्री जी अपने पास से दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि यह जनता जनार्दन का पैसा है और हम उसका उचित नियोजन कर रहे हैं।जनता का पैसा,जनता के लिए और जनता के हित में खर्च होगा। यही मोदी जी का विजन है, यही मोदी जी की प्रेरणा है। इसी का परिणाम है कि अब विकास दिखाई देता है।

More news