सूर्य कुमार के गांव में मनाई गई दिवाली,दादा बोले- गर्व का दिन,टी-20 विश्वकप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर जश्न में डूब गई काशी 
सूर्य कुमार के गांव में मनाई गई दिवाली,दादा बोले- गर्व का दिन,टी-20 विश्वकप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर जश्न में डूब गई काशी 

09 Mar 2026 |   34



सूर्य कुमार के गांव में मनाई गई दिवाली,दादा बोले- गर्व का दिन,टी-20 विश्वकप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर जश्न में डूब गई काशी 

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में जुड़ा एक और स्वर्णिम अध्याय,अहमदाबाद में रचा गया इतिहास 

वाराणसी।आईसीसी मेन्स टी-20 विश्वकप कप के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड पर भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर रविवार रात आध्यात्मिक नगरी काशी जश्न में डूब गई।होली और दीवाली एक साथ मनाई गई।लोगों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी का इजहार किया।ढोल-नगाड़े की धुन पर देर रात तक लोग थिरकते रहे। सड़कों पर तिरंगा यात्रा निकालकर भारत-माता के जयकारे लगाए,आतिशबाजी की। 

फाइनल मैच का लुत्फ  लेने के लिए पहले से ही काशी लोगों ने कर रखी थी तैयारी 

टी-20 विश्वकप के फाइनल मैच का लुत्फ लेने के लिए पहले से ही आध्यात्मिक नगरी काशी के लोगों ने तैयारी कर रखी थी। रविवार का दिन होने से लोग टीवी स्क्रीन के सामने शाम से ही बैठ गए।कुछ बड़े प्रतिष्ठान भी खुले थे,जहां एलईडी स्क्रीन लगी थी।पहले भारतीय टीम की शानदार बल्लेबाजी पर जश्न मनाया।इसके बाद जैसे-जैसे न्यूजीलैंड की टीम के विकेट गिरते गए,जीत की खुशबू बढ़ती गई।भारत के जीतते ही घरों में लोग नाचने लगे।सड़कों पर युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर खुशी का इजहार किया।

कप्तान सूर्य कुमार के गांव में मनाया गया जश्न

भारत की जीत होते ही कप्तान सूर्य कुमार यादव के घर और गांव हथौड़ा में जश्न शुरू हो गया। गांव वालों ने सूर्य के परिजनों को बधाई दी और गांव में पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।सड़कों पर निकलकर गांव के युवाओं ने भारत माता के जयकारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। सूर्य कुमार के दादा विक्रम यादव ने कहा कि आज पूरे परिवार और गांव के लिए बहुत गर्व का दिन है,हमें उसपर नाज है।सूर्या के चाचा राज कपूर ने टीम की जीत के लिए रविवार को मार्कण्डेय महादेव धाम में पूजन अर्चन की।

जीत के जश्न में डूबी काशी

भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत पर बीएचयू,लंका, लहरतारा,मंडुवाडीह,भिखारीपुर,सिगरा,रथयात्रा,पांडेयपुर,सारनाथ,बजरडीहा आदि इलाकों में तिरंगा यात्रा निकालकर जश्न मनाया।भारत माता के जयकारे लगाए।

जीत के साथ ही आधे घंटे तक हुई आतिशबाजी 

जैसे ही भारतीय टीम ने विश्वकप की ट्राफी जीती आध्यात्मिक नगरी काशी में जमकर आतिशबाजी शुरू हो गई।लगभग आधे घंटे तक पटाखों की आवाज गूंजती रही।लोगों का उल्लास और आतिशबाजी देखने के लिए लोग घरों से बाहर निकल आए।

गिरजाघर चौराहा बना मिनी स्टेडियम,ढोल पर थिरके लोग 

गिरजाघर चौराहे पर कपड़े के एक बड़े प्रतिष्ठान की ओर से एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। चौराहे पर खड़े होकर लोग मैच का लुत्फ लेते रहे। ढोल-नगाड़े की थाप पर थिरकते रहे।यहां इंडिया-इंडिया के शोर से मिनी स्टेडियम जैसा माहौल था।

बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लोगों ने मैच का लिया मजा

वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए।लॉन, क्लबों में बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैचकई लॉन संचालकों और क्लबों की ओर से मैच के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगवाई गई थी। क्लब से जुड़े लोग मैच देखने पहुंचे थे। वहीं लॉन में भी लोगों को मैच दिखाया गया। इन जगहों पर अलग ही माहौल था। भारतीय क्रिकेट टीम की टी-शर्ट में पहुंचे लोगों ने जमकर जश्न मनाया।सोशल मीडिया पर बधाई का दौरजीत के साथ ही सोशल मीडिया पर बधाई का दौर शुरू हो गया। जश्न के साथ सेल्फी, मैच के फुटेज, टीम इंडिया की ट्राफी की फोटो-वीडियो साझा कर लोगों ने खुशी का इजार किया। इससे पहले रविवार की सुबह क्रिकेट प्रेमियों ने घाट और मंदिरों में पूजा-पाठ कर हवन किया। इंडियन टीम की जीत की कामना की।

अहमदाबाद में रचा गया इतिहास

भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी मेन्स टी-20 विश्वकप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। रविवार को खेले गए इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया,लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए निर्धारित ओवरों में 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।यह स्कोर किसी भी फाइनल मुकाबले के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने सधी हुई लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।परिणाम यह हुआ कि पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों की बड़ी जीत दर्ज की।

तीसरी बार चैंपियन बना भारत

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी-20 विश्वकप इतिहास में एक नया कीर्तिमान भी बना दिया।भारतीय टीम अब इस टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गयी है। इतना ही नहीं भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी-20 विश्वकप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई है,इससे पहले किसी भी टीम ने लगातार दो बार यह खिताब अपने नाम नहीं किया था,इसके साथ ही एक और रिकॉर्ड भारत के नाम दर्ज हुआ। टी-20 विश्वकप के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब मेजबान देश ने ही ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।इस उपलब्धि ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

More news