ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एक साल पहले ही सियासी बिसात बिछाना शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में नेताओं के आने का सिलसिला जारी है।हाल में नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत हजारों लोगों ने सपा में शामिल हुए थे।शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में कांग्रेस के पूर्व नेता और संत कबीर नगर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पांडेय सपा में शामिल हुए।डीएनएनएस यादव,पूर्व पुलिस अधिकारी राजीव गुप्ता समेत कई लोग ने सपा में शामिल हुए।
अखिलेश ने वीडियो दिखाकर भाजपा को घेरा
भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा आए दिन हमारी नई इमेज लॉन्च करती हैं,लेकिन इस बार एक नया सॉन्ग वीडियो आया है,वो भी कट्टे वाला,इस गाने के खिलाफ हम लोग एफआईआर दर्ज कराएं। और अगर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो इसके पीछे भाजपा का ही हाथ समझा जाएगा। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में कट्टा वाला गाना भी चलाया गया।
जब भाजपा जाएगी, तभी मंहगाई घटेगी
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस सरकार ने प्रदेश में सबसे अच्छा एक्सप्रेसवे बनाया हो,लोकभवन,रिवर फ्रंट बनाया क्या वो सपाई गुंडों वाला गाना बना सकते है।सपा सरकार ने सबसे अधिक थर्मल पावर प्लांट लगाए हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार टैक्स लगा कर मंहगाई बढाती जा रही है। सिलेंडर पर सीधे 60 रूपये बढ़ा दिए,याद रखिये एक बार मंहगाई बढ़ने के बाद कम नहीं होती है।जहां-जहां भाजपा की सरकार है,लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी मंहगाई।
सपा में शामिल हुए रोहित पांडेय
सपा में शामलि हुए रोहित पांडेय ने कहा कि भाजपा देश को पीछे ले जा रही है।सपा मुखिया अखिलेश यादव का विजन साफ है।पहले ये धारणा थी कि अगड़ा (सवर्ण) वोट केवल भाजपा का है,लेकिन लोकसभा चुनाव में सपा ने ये धारणा तोड़ी है।
शिवपाल ने भी भाजपा को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा के कारनामों से पूरा देश कराह रहा है, भष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए है,माहौल हमारे पक्ष में है, इसलिए इस सरकार को मिलकर हटाना है। शिवपाल ने कहा कि यूपी में बजट को सरकार के लोग मिलकर लूट रहे हैं,बजट का मात्र 40 प्रतिशत ही खर्च हो रहा है।गड्ढा भराई के नाम पर 70 फीसदी ये लोग कमीशन खा रहे है। 2024 की तरह मेहनत करके हराना होगा, माहौल हमारे पक्ष में है जीएसटी के नाम पर सरकार ने लोगों को लूटा है। हम सबको मिलकर भाजपा को हटाना है।