चंदौली। उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है।अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंधिताली पुल के पास एक ट्रक से 1.68 करोड़ रुपये की 1028 पेटी अवैध शराब पकड़ी है।पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने मंगलवार को इस कार्रवाई का खुलासा किया।
एसपी आदित्य लांघे ने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर जनपद चंदौली की सीमा पर बिहार जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है।इसी क्रम में अलीनगर पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम को सूचना मिली थी कि एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार भेजी जा रही है।
एसपी ने बताया कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे 19 पर सिंधी ताली के समीप चेकिंग अभियान चलाया।इसी दौरान एक ट्रक आता दिखाई दिया, जिसके चालक ने पुलिस टीम को देखकर वाहन को कतार में खड़ा कर दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक की तलाशी ली।तलाशी के दौरान चावल की भूसी के बोरों के नीचे अवैध रूप से पंजाब से बिहार ले जाई जा रही शराब मिली।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले निवासी 30 साल के मल्लाराम के रूप में हुई है, उसके पास से 1,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया है।मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।