जीजा की साले की हत्या,बहन के साथ हुए धोखे से था नाराज
जीजा की साले की हत्या,बहन के साथ हुए धोखे से था नाराज

24 Feb 2026 |   24



 

अमेठी।उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के शुकुलबाजार थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह,विवाद और तलाक के बाद रिश्तों की दुश्मनी खूनी अंजाम तक पहुंच गई।कस्बे में रहने वाले शाहिद का शव रहमतगढ़ के पास संदिग्ध हालात में मिला।परिजनों का आरोप है कि शाहिद की हत्या उसकी पूर्व पत्नी साबिया के भाइयों ने की है।पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

मिली जानकारी के अनुसार लगभग तीन साल पहले शाहिद ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ साबिया से लव मैरिज की था।इसके बाद शाहिद साबिया को लेकर मुंबई चला गया।कुछ समय बाद शाहिद साबिया को मुंबई में छोड़कर वापस अपने घर आ गया।साबिया जब पति शाहिद की तलाश में ससुराल पहुंची तो उसने शाहिद को वहीं पाया।साबिया शाहिद के साथ रहने की जिद करने लगी,लेकिन शाहिद ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया।मारपीट कर साबिया को घर से निकाल दिया गया।

साबिया अपने मायके जाकर पूरी बात बताई। इसके बाद उसके परिजन शाहिद से बात करने पहुंचे,लेकिन शाहिद ने साबिया को स्वीकार करने से मना कर दिया।हालात ऐसे बने कि साबिया ने बाद में दूसरी जगह निकाह कर लिया।बताया जाता है कि बहन के साथ हुए व्यवहार से उसके भाइयों के मन में नाराजगी बनी रही।

इसी बीच शाहिद का शव रहमतगढ़ इलाके में मिला।परिजनों ने आरोप लगाया कि साबिया के भाइयों और उनके साथियों ने बदला लेने के लिए शाहिद की हत्या कर दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More news