पीलीभीत में अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी,कहा-साइकिल चलेगी तो दंगा करवाएगी
पीलीभीत में अखिलेश यादव पर बरसे सीएम योगी,कहा-साइकिल चलेगी तो दंगा करवाएगी

29 Jun 2026 |   17



 

पीलीभीत।सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ सोमवार को पीलीभीत पहुंचे।बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में 569 करोड़ रुपये की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं का सीएम ने उद्घाटन और शिलान्यास किया।साथ ही सीएम ने 4693 विस्थापित परिवारों को भूमि का मालिकाना अधिकार दिया।

सीएम योगी ने जिले के बरखेड़ा के पतरासा कुंवरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।सीएम ने देश के  विभाजन के लिए कांग्रेस के जिम्मेदार ठहराया और समाजवादी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया।

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के पाप के कारण पहले पाकिस्तान बना,फिर बांग्लादेश का निर्माण हुआ।अगर उस वक्त कांग्रेस का नेतृत्व अडिग रहता तो जिन्ना अपनी मौत मर जाता और भारत का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन नहीं होता। सीएम ने कहा कि लाखों हिंदुओं का कत्लेआम हुआ,लोगों को अपनी पैतृक भूमि छोड़नी पड़ी।

सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में लाख हिंदुओं के मन में अभिलाषा थी कि मुझे जिस आधार पर विभाजन किया गया था,उस आधार पर भारत में शरण मिलेगी,सम्मान के साथ मैं जीवन यापन कर पाऊंगा,लेकिन कांग्रेस ने उनकी कभी सुधि नहीं ली।

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आने के बाद नागरिकता संशोधन अधिनियम लाया गया,जिससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए विस्थापित हिंदू,सिख, बौद्ध और जैनों को नागरिकता मिल रही है। सीएम ने कहा कि याद कीजिए दिल्ली और विभिन्न राज्यों में कांग्रेस-समाजवादी पार्टी ने आंदोलन किया था,आज जो सर्टिफिकेट वितरित हो रहे हैं,इसी के खिलाफ ये लोग आंदोलन कर रहे थे कि ये सर्टिफिकेट नहीं मिलना चाहिए। सीएम ने कहा कि इनका तो सबसे पहला उद्देश्य ही यही है कि देश के संसाधनों पर विभाजन के बावजूद पहला अधिकार मुसलमान का होना चाहिए, बाकी किसी का नहीं।

सीएम योगी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को लोगों से मतलब नहीं था। प्रदेश में उनकी 4 बार सरकार थी,लेकिन बबुआ को समय मिले,तब तो विकास करते।वह 12 बजे सो कर उठेंगे,दो बजे तैयार होंगे और शाम को पांच बजे जिम जाएंगे तो गरीब की पीड़ा कहां से जानेंगे। सीएम ने कहा कि इन्हें जब तुष्टिकरण से फुर्सत हो तब ये पिछड़ों,दलितों,वंचितों के बारे में सोचते इन्हें तो सिर्फ मुसलमानों की चिंता थी,सिखों,जैनियों,बौद्ध की चिंता नहीं थी।

सीएम योगी ने कहा कि अब यूपी में नो दंगा,नो कर्फ्यू,अब यूपी में सब चंगा।अब यूपी माफिया मुक्त,उपद्रव मुक्त और कर्फ्यू मुक्त है। सीएम ने कहा कि यूपी की जनता जनार्दन ने इनकी साइकिल को पंचर करके इस लायक बना दिया कि वह चल ही न पाए,क्योंकि वो साइकिल चलेगी तो दंगा करवाएगी, उपद्रव करवाएगी,कर्फ्यू लगवाएगी और गुंडागर्दी करवाएगी,बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगेगी।

सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब माफिया सीना तानकर चलता था थानों पर कब्जा करता था,तहसीलों में उधम मचाता था,गरीबों की जमीन पर कब्जा कर लेता था  विकास कार्य नहीं होने देता था और बेटियों-बहनों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करता था,व्यापारियों का जीना हराम करते थे,उद्योग नहीं आने देते थे और जब दंगे होते थे तो दंगाइयों को मुख्यमंत्री सरकारी जहाज से बुलवाकर अपने आवास पर सम्मानित करते थे। यह 2017 से पहले होता था।

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग कट्टा और बम बनाते थे,व्यापारियों और गरीबों को लूटने के लिए और हम ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं।ब्रह्मोस मिसाइल जब पाकिस्तान पर छोड़ी जाती है, तो पाकिस्तान भी बाप-बाप चिल्ला उठता है। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में किसी हिंदू को विस्थापित न होना पड़े इसके लिए उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी जी के विजन के अनुरूप डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर बनाया जा रहा है,जहां ब्रह्मोस मिसाइल भी बन रही है।आज यूपी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का एक बड़ा हब बन रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि आज जहां गौशालाएं बन रही हैं,वहां वर्ष 2017 से पहले किसी सपाई ने जरूर कब्जा किया होगा,लेकिन हमारी सरकार आते ही 48 घंटे में कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी,जिससे डरकर लोगों ने जमीनें सरेंडर कर दी थीं। सीएम ने कहा कि सपा कांग्रेस के लोगों बेशर्मी से डूब मरो,जिन हिंदुओं को नागरिकता दी जा है वो सभी दलित हैं।

More news