यूपी में कांग्रेस का हल्ला बोल:विधानसभा घेराव करने पहुंचे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज,कई गिरफ्तार,कांग्रेस के क‌ई बड़े नेता नजरबंद
यूपी में कांग्रेस का हल्ला बोल:विधानसभा घेराव करने पहुंचे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज,कई गिरफ्तार,कांग्रेस के क‌ई बड़े नेता नजरबंद

17 Feb 2026 |   21



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में आज मनरेगा और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है,जिसे देखते हुए कई बड़े नेताओं को नजरबंद किया गया है।बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी लखनऊ में विधानसभा का घेराव करने के लिए कूच कर रहे थे,लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया,जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई और तू तू-मैं मैं होने लगी।यूपी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आज सुबह 11 बजे विधानसभा की ओर मार्च करने का आह्वान किया गया था।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे

प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय,नेता विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना,विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत कई सांसद,पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हैं।प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे हैं।सुबह विधानसभा की ओर जाते हुए कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए।अजय राय समेत कई नेता बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए,स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

आराधना मिश्रा ने सरकार पर लगाया आरोप

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने आरोप लगाया कि जिस तरह महात्मा गांधी के नाम को समाप्त किया गया,उससे सरकार की मंशा स्पष्ट दिख रही है। 

बीजेपी सरकार में बढ़ रहा अपराध

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार में अपराध लगातार बढ़ रहा है।कांग्रेस का कहना है कि सरकार जाति और धर्म के आधार पर दलितों,अल्पसंख्यकों और गरीबों को निशाना बना रही है और अपराधियों को संरक्षण दे रही है।

आज ये जो बैरिकेडिंग और पुलिस का घेरा खड़ा किया गया है,ये हमारी आवाज दबाने की कोशिश..

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा आज ये जो बैरिकेडिंग और पुलिस का घेरा खड़ा किया गया है,ये हमारी आवाज दबाने की कोशिश है।राय ने कहा कि लोकतंत्र में डराना-धमकाना और डंडे के जोर पर हुकूमत करना राज नहीं कहलाता।सरकारें प्यार और भरोसे से चलती हैं,न कि बुलडोजर और खौफ से।राय ने कहा कि सनातन की गुरु-शिष्य परंपरा और हमारी आस्था को कोई सरकार या अदालत तय नहीं कर सकती,ये तो सदियों से चली आ रही रीत है।देश में युवाओं को न नौकरी मिल रही है,न सही से उनकी परीक्षा हो रही है,बस हर जगह डर का माहौल है,लेकिन याद रहे,जब तक गांधी जी का आशीर्वाद और जनता का साथ हमारे साथ है,हम न रुकेंगे और न झुकेंगे,ये लड़ाई हक की है और हम इसे आखिरी दम तक लड़ेंगे।

कई कांग्रेस कार्यकर्ता नजरबंद

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया है।इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ में पार्टी कार्यालय पहुंचे।कई कार्यकर्ताओं ने रात पार्टी कार्यालय में ही गुजारी और आज प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

More news