शोएब ने साल 2007 में बसपा में इस पद के लिए लड़ा था चुनाव,कहीं इसलिए तो नहीं हुआ मुख्तार गैंग के शूटर रहे का कत्ल
शोएब ने साल 2007 में बसपा में इस पद के लिए लड़ा था चुनाव,कहीं इसलिए तो नहीं हुआ मुख्तार गैंग के शूटर रहे का कत्ल

14 Feb 2026 |   23



 

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में कभी कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी गैंग के शूटर रहे अब वकालत कर रहे 51 वर्षीय शोएब किदवई उर्फ बॉबी की शुक्रवार दोपहर दो बाइक सवार हेलमेट लगाए हमलावरों ने गोलियों से भून डाला। दोपहर करीब एक बजे शहर से चार किए दूर असेनी अंडरपास के पास हमलावरों ने उनकी कार पर 11 राउंड फायरिंग की।शोएब को चार गोलियां लगी।पुलिस को कार के पास में चार खाली कारतूस मिले हैं।पत्नी शाजिया ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।शोएब बाराबंकी के गदिया गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में रह रहे थे।बाराबंकी शहर में भी उनका घर है।

शोएब बाराबंकी कचहरी में प्रैक्टिस करते थे 

 बाराबंकी कचहरी में प्रैक्टिस करते थे।शुक्रवार को लखनऊ से कार से बाराबंकी आ रहे शोएब को घेरकर हमलावरों ने गोलियां बरसाईं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस को शोएब कार की ड्राइविंग सीट पर औंधे मुंह पड़े मिले। कार की विंडस्क्रीन पर गोलियों के निशान मिले हैं। एक गोली शोएब के दाहिने गाल को चीरते हुए निकल गई। हाथ और पसली में भी तीन गोलियां धंसी मिली हैं। सूचना पर एडीजी जोन प्रवीण कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। 

शोएब के नाम दर्ज थे हत्या व बलवा के छह मामले

1999 में लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में जेलर आरके तिवारी की हत्या और इसके बाद बाराबंकी के डॉक्टर डीवी सिंह की हत्या के मामले में शोएब किदवई का नाम सामने आया था। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि शोएब मुख्तार अंसारी के गैंग से जुड़ा रहा था।उस पर हत्या,बलवा आदि के छह मामले दर्ज थे। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
 
बदले के लिए वारदात तो नहीं,कई बिंदुओं पर जांच

पुलिस की पांच टीमें इस घटना को लेकर कई बिंदुओं पर काम कर रही हैं।गैंग से जुड़ा अतीत क्या आज भी पीछा कर रहा था अथवा वकालत के दौरान किसी गंभीर मुकदमे में प्रापर्टी आदि के लेनेदेन को लेकर भी घटना को अंजाम देने के कयास लगाए जा रहे हैं।पुलिस इस पहलू की जांच भी कर रही है कि कही यह घटना किसी पुराने हत्याकांड में कोई बदले की भावना का नतीजा तो नहीं है।

शोएब ने साल 2007 में बंकी ब्लाक कनिष्ठ ब्लाॅक का लड़ा था चुनाव 

शोएब किदवई ने साल 2007 में बसपा में रहते हुए बंकी ब्लाक में कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी लड़ा था।बाराबंकी में माफिया मुख्तार से जुड़े एंबुलेंस कांड में भी शोएब का नाम प्रमुखता से सामने आया था। पुलिस इस पूरे मामले में शोएब के करीबी लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने में लगी है। संदिग्ध हमलावरों के स्कैच भी तैयार कराए जा रहे हैं।

लखनऊ से घटनास्थल तक की टाइमलाइन हो रही तैयार

शोएब किदवई की हत्या में पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि मृतक आमतौर पर अपनी कार से किसी न किसी के साथ ही निकलते थे। शुक्रवार को भी वह चालक के साथ घर से रवाना हुए,लेकिन वारदात से पहले रास्ते में चालक उतर गया।घटनास्थल तक की पूरी मूवमेंट की टाइमलाइन तैयार की जा रही है।बाराबंकी पुलिस की एक टीम लखनऊ पहुंचकर घर से लेकर वारदात स्थल तक सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।

पांच खाली कारतूस,कैमरे से मेमोरी कार्ड गायब

घटना के बाद पुलिस ने अंडरपास के नीचे की सड़क को दोनों ओर से सील कर दिया। क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने कार के पास से पांच खाली कारतूस बरामद किए। सड़क की मिट्टी और खून के नमूने भी एकत्र किए गए।जांच में पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरा चलता तो मिला मगर उसके अंदर मेमोरी कार्ड न मिलने से कुछ पता नहीं चला।पुलिस हाईवे पर लगे टोल प्लाजा और आसपास के निजी प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि हमलावरों की बाइक का नंबर पहचाना जा सके।
 
एसपी से मिले वकील, 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम

हत्या से आक्रोशित अधिवक्ता शुक्रवार शाम एसपी कार्यालय पहुंचे। वकीलों ने मांग की कि 48 घंटे के भीतर हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हाईवे पर हुई यह वारदात कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

बिफरे वकील, लगाया जाम 

घटना के बाद करीब दो बजे शोएब को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस में शव रखे जाने के बाद वकीलों का जमावड़ा लग गया।वकीलों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप लगाया कि कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। करीब एक घंटे के बाद जब शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया तो वकील व परिजनों ने प्रदर्शन कर रास्ता भी जाम कर दिया।

More news