दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार-बुधवार को 25 की स्पीड से चलेंगी हवाएं,जानें कोहरे और ठंड पर क्या है अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार-बुधवार को 25 की स्पीड से चलेंगी हवाएं,जानें कोहरे और ठंड पर क्या है अपडेट

22 Dec 2025 |   44



 

नई दिल्ली।पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत के ऊपर 140 समुद्री मील की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।मौसम विभाग की मानें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर में भी मौसम करवट लेने वाला है।आईएमडी ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 2 दिन तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है।आज रात को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। इसके बाद कल से मौसम में बदलाव दिखेगा।

कल चलेंगी तेज हवाएं

मौसम विभाग ने कल मंगलवार को राजधानी दिल्ली में आसमान साफ रहने का अनुमान व्यक्त किया है।दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है।हालांकि इसके बाद धूप निकलने का अनुमान है। दिल्ली में मंगलवार को 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। ऐसी स्थितियां फरीदाबाद,गुरुग्राम,नोएडा और गाजियाबाद में भी देखी जा सकती हैं।

कितना रहेगा तापमान

मौसम विभाग ने कल मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।आईएमडी की मानें तो बुधवार को तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। बुधवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

बुधवार को भी तेज हवाएं,सुबह कोहरा

मौसम विभाग ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।हालांकि बुधवार सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा अलग-अलग जगहों पर देखा जा सकता है। दिन में धूप खिलने का अनुमान है।तेज हवाओं के चलते मंगल और बुधवार को प्रदूषण में कुछ कमी देखी जा सकती है। एनसीआर के शहरों में भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

गुरुवार से गिरेगा तापमान

मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर गलन का असर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी नजर आएगा। राजधानी दिल्ली में 25 से लेकर 28 दिसंबर के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।दिल्ली में 25, 26 और 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।यानी इन दिनों दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है।

3 दिन हल्के छिटपुट बादल,हवा भी धीमी

25 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान साफ रहने और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। 26 से 28 दिसंबर के दौरान दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट आंशिक बादलों के दिखने का अनुमान है। इस दौरान दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है।हवा की रफ्तार भी धीमी रहेगी,जिससे प्रदूषण में बढोतरी देखी जा सकती है।

More news