
नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में 27 साल का सियासी वनवास काटते हुए प्रचंड जीत हासिल की है।जीत हासिल करने के बाद भाजपा मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन करने जुटी है।चुनाव परिणाम सामने आने के बाद 6 दिन का समय बीत चुका है,लेकिन अब तक सीएम के नाम का खुलासा नहीं हुआ है।इसे लेकर आम आदमी पार्टी भाजपा पर निशाना भी साध रही है।वहीं इन सब चर्चाओं के बीच भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी है कि दिल्ली में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह कब हो सकता है।
क्या बोले सिरसा
दिल्ली में मुख्यमंत्री के चयन के मुद्दे पर राजौरी गार्डन विधानसभा से भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि जल्दी ही हमारे पर्यवेक्षक तय हो जाएंगे और उसके बाद 1-2 दिन में हमारी बैठक होगी और उसके बाद जल्द ही इसकी (मुख्यमंत्री की) जानकारी मिलेगी।सिरसा ने कहा कि हमें इसे 20 तारीख से पहले करना होगा। यह 17 या 18 तारीख को हो सकता है।
कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा:सूत्र
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा में मंथन जारी है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा दिल्ली में कोई उपमुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।सीएम के नाम पर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अपने विकल्पों पर विचार कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अमेरिका से वापस आने के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है।
आतिशी ने साधा निशाना
दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों में विभागों के आवंटन को लेकर आंतरिक खींचतान मची है।आतिशी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा नेता सार्वजनिक धन के लालच में मंत्री पद को लेकर झगड़ रहे हैं। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा का अपने चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने का कोई इरादा नहीं है।
|