अरविंद केजरीवाल की पंजाब के विधायकों के साथ बैठक खत्म, जानें बाहर निकल कर क्या बोले सीएम भगवंत मान
अरविंद केजरीवाल की पंजाब के विधायकों के साथ बैठक खत्म, जानें बाहर निकल कर क्या बोले सीएम भगवंत मान

11 Feb 2025 |  40





नई दिल्ली।दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद पंजाब कांग्रेस के संपर्क में 30 आप विधायकों के होने के दावे से उथल-पुथल मची हुई है।इसी बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सबको एकजुट रखने के लिए पंजाब के आम आदमी पार्टी के विधायकों,मंत्रियों और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक की।दिल्ली स्थित पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कपूरथला हाउस में हुई यह बैठक आधे घंटे चली।बैठक के बाद सीएम भगवंत मान ने मीडिया से बात की है।

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में विधायकों के काम के लिए उनका धन्यवाद किया है। पंजाब सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है।आज भी दिल्ली के लोग कहते हैं कि उन्होंने पिछले 75 सालों में ऐसा काम नहीं देखा,जैसा आप ने पिछले 10 सालों में किया है।

भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली चुनाव में गुंडागर्दी और पैसा चला।हमें हर घंटे चुनाव आयोग के पास जाना पड़ा,उन्हें बताना पड़ता था कि जैकेट बांट रहे हैं, पैसा बांट रहे हैं।

भगवंत मान ने कहा कि हम दिल्ली के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे।हम मिलकर काम करेंगे,हमारी पार्टी अपने काम के लिए जानी जाती है। भगवंत मान ने कहा कि आज की बैठक में फैसला हुआ कि आने वाले दो सालों में हम पंजाब को एक ऐसा मॉडल बनाएंगे,जिसे पूरा देश देखेगा। पंजाब हमेशा सभी लड़ाइयों में सबसे आगे रहा है।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की सरकार जनहित में काम कर रही है।स्कूल और अस्पतालों का कायाकल्प किया गया है।दिल्ली की टीम का तजुर्बा पंजाब में भी इस्तेमाल होगा। पंजाब को ऐसा मॉडल बनाएंगे कि पूरा देश देखेगा। पंजाब को पूरे देश के लिए मॉडल स्टेट बनाएंगे।

भगवंत मान ने कहा कि हम पैसे बांटने की राजनीति नहीं करते हैं। देश की बड़ी बड़ी कंपनियों ने पंजाब में इन्वेस्ट करना शुरू कर दिया है। 50 हजार से ज्यादा नौकरी दे चुके हैं। 3 साल में बिना भ्रष्टाचार के एक घर में 2-3 नौकरियां भी मिली हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर भगवंत मान ने कहा कि हार जीत तो चलती रहती है।आम आदमी पार्टी में जमीन से जुड़े लोग हैं।कांग्रेस हमारे MLA की बात न करें। वह अपने विधायकों की गिनती करे।

अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक के बाद पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने कहा कि हम पंजाब को शासन और विकास के लिए राष्ट्रीय मॉडल बनाएंगे। हमने इसके लिए विचार-विमर्श और योजना बनाई है।

कुलतार सिंह संधवान ने दिल्ली में चुनावी हार पर कहा कि हम सभी की राय थी कि बीजेपी ने सभी संस्थानों का दुरुपयोग किया है,उन्होंने लोकतंत्र को लूटा है।दिल्ली के लोगों ने हमें विपक्ष के रूप में एक कर्तव्य दिया है। उन्होंने हमें पूरी तरह से नजरअंदाज नहीं किया है।

More news