मंहगी होंगी टाटा मोटर्स की कारें,1 सितंबर से 25000 रुपये तक बढ़ेंगे दाम
मंहगी होंगी टाटा मोटर्स की कारें,1 सितंबर से 25000 रुपये तक बढ़ेंगे दाम

21 Aug 2026 |   31



 

 नई दिल्ली।टाटा मोटर्स की कार या SUV खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को अगले महीने से जेब ढीली करनी पड़ेगी।टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अपने यात्री वाहनों की कीमतों में 25 हजार रुपये तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है।नई कीमतें अगले महीने 1 सितंबर से लागू होंगी।कीमतों में बढ़ोतरी उसके पूरे यात्री वाहन पोर्टफोलियो पर लागू होगी। हालांकि किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ेगी,यह उसके मॉडल और वैरिएंट पर निर्भर करेगा।

क्यों बढ़ रही हैं कारों की कीमतें

टाटा मोटर्स के मुताबिक कच्चे माल और दूसरे जरूरी सामान की लागत लगातार बढ़ रही है।इसके अलावा वैश्विक स्तर पर बनी अनिश्चितता के कारण भी कंपनियों के खर्च पर दबाव बना हुआ है।कंपनी ने अब तक बढ़ी हुई लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद उठाने की कोशिश की है।हालांकि लागत में लगातार बढ़ोतरी से अब इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डालने का फैसला किया गया है।वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार में रुकावट,महंगा कच्चा माल और बढ़ती परिचालन लागत वाहन कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर भी ऊर्जा और आपूर्ति से जुड़ी लागत पर पड़ रहा है।

किन गाड़ियों पर पड़ेगा असर

कीमतों में बढ़ोतरी टाटा मोटर्स की कारों और एसयूवी के अलग-अलग मॉडल एवं वैरिएंट पर लागू होगी।कंपनी के यात्री वाहन पोर्टफोलियो में टियागो,टिगोर,पंच,अल्ट्रोज,नेक्सॉन, कर्व,हैरियर और सफारी जैसे मॉडल शामिल हैं।हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि किस गाड़ी और वैरिएंट की कीमत में कितनी बढ़त होगी। अधिकतम बढ़ोतरी 25 रुपये तक होगी। इसलिए ग्राहकों को खरीदारी से पहले अपने नजदीकी डीलर से नई कीमत की जानकारी लेनी चाहिए।

इस साल तीसरी बार बढ़ेंगे दाम

यह 2026 में टाटा मोटर्स की ओर से की जाने वाली तीसरी मूल्य वृद्धि होगी।कंपनी ने 1 अप्रैल से पेट्रोल-डीजल वाले यात्री वाहनों की कीमतों में 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की थी।
इसके बाद 1 जुलाई से कंपनी ने अपने पूरे यात्री वाहन पोर्टफोलियो के दाम 1.5 फीसदी बढ़ाए थे। अब 1 सितंबर से एक बार फिर कीमतों में 25,000 रुपये तक की वृद्धि होने जा रही है।

दूसरी वाहन कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें

लागत का दबाव केवल टाटा मोटर्स तक सीमित नहीं है।दूसरी वाहन कंपनियां भी इस साल अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ा चुकी हैं।हुंडई मोटर इंडिया ने हाल ही में 2026 की तीसरी मूल्य वृद्धि की घोषणा की थी।देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी भी पिछले कुछ महीनों में अपने पूरे पोर्टफोलियो के दाम दो बार बढ़ा चुकी है।वाहन कंपनियों का कहना है कि महंगा कच्चा माल,बढ़ती परिचालन लागत और वैश्विक व्यापार में आ रही बाधाओं के कारण कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया है। टाटा मोटर्स के ताजा फैसले से त्योहारी मौसम से पहले नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों का बजट बढ़ सकता है।

More news