झमाझम बारिश के लिए हो जाइए तैयार,दिल्ली में 3-4 दिन पहले ही मॉनसून देगा दस्तक
झमाझम बारिश के लिए हो जाइए तैयार,दिल्ली में 3-4 दिन पहले ही मॉनसून देगा दस्तक

03 Jun 2025 |   56



 

न‌ई दिल्ली।इन दिनों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है।अभी जो बारिश हो रही है वो प्री मॉनसून गतिविधियों के चलते हो रही है।इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य से 3-4 दिन पहले दिल्ली में दस्तक दे सकता है।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मॉनसून 25-27 जून के बीच पहुंचने की संभावना है,जो सामान्य तारीख 29 जून से पहले है।यह खबर उमस और गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

मॉनसून की रफ्तार तेज, केरल में पहले ही दी दस्तक

आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 27 मई को केरल तट पर समय से पांच दिन पहले दस्तक दी थी,जो 2009 के बाद सबसे जल्दी आगमन है।बंगाल की खाड़ी में अनुकूल परिस्थितियों के कारण मॉनसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है।मॉनसून 20-25 जून तक उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में पहुंच सकता है, जिसके बाद दिल्ली में इसका आगमन होगा।

दिल्ली में सामान्य से ज्यादा बारिश की उम्मीद

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि दिल्ली-हरियाणा-चंडीगढ़ सब-डिवीजन में इस बार मॉनसून के दौरान सामान्य से 114 फीसदी अधिक बारिश होने की संभावना है।सामान्य तौर पर दिल्ली में मॉनसून सीजन में 431 मिलीमीटर बारिश होती है,लेकिन इस बार यह आंकड़ा बढ़ सकता है।हालांकि भारी बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है, जिससे निपटने के लिए अभी से तैयारियां चल रही हैं।

प्री-मॉनसून की वजह से हो रही बारिश

प्राइवेट वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार दिल्ली में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। 1 से 5 जून तक हल्की बारिश,धूल भरी आंधी और गरज-चमक की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है, जो गर्मी से राहत देगी। एक और दो जून को हुई मूसलाधार बारिश ने पहले ही दिल्ली के कई इलाकों में तापमान को कम किया है।

More news