नई दिल्ली।दिल्ली-एनसीआर में आसमान से आग बरस रही है।सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली का तापमान जून में अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच चुका है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पारा अभी और बढ़ सकता है।
आईएमडी का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है।आज सोमवार को दिल्ली में सुबह का तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।आर्द्रता का स्तर लगभग 48 प्रतिशत दर्ज किया गया। यदि दोनों स्थितियों को मिला दें यह गर्मी से असहज करने के लिए पर्याप्त है।
आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने एएनआई को बताया कि अगर हम उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो अगले चार दिनों तक मैदानी इलाकों में लू की स्थिति रहने की संभावना है।दिल्ली-एनसीआर में सोमवार और मंगलवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की उम्मीद है, जिससे अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति पैदा होगी। इस क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता भी खराब हो गई है।सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 219 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस स्तर को खराब श्रेणी में ऱखता है। गर्मी और उमस के अलावा AQI एक और समस्या है,जिसका दिल्ली के लोग सामना कर रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में सप्ताह के मध्य तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।इसस भीषण गर्मी से राहत मिलने का अनुमान है।आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है।आईएमडी के मौसम बुलेटिन के अनुसार दिल्ली,हरियाणा,चंडीगढ़ और पश्चिमी यूपी में 13 और 14 जून को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बताते चलें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार का दिन काफी गर्म रहा।रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये औसत से 2.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानियां बढ़ाईं और लोग धूप में निकलने से परहेज करते दिखे।सफदरजंग निगरानी स्टेशन- अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस,पालम में अधिकतम तापमान- 43.6 डिग्री सेल्सियस,लोदी रोड में अधिकतम तापमान- 42.3 डिग्री सेल्सियस,रिज में अधिकतम तापमान- 42.9 डिग्री सेल्सियस,आयानगर- अधिकतम तापमान- 44.1 डिग्री सेल्सियस और आयानगर- न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा।