हरियाणा विधानसभा चुनाव:पहली लिस्ट के बाद भाजपा में दंगल,टिकट कटने पर रोईं पूर्व मंत्री, तीन नेताओं ने छोड़ी पार्टी
हरियाणा विधानसभा चुनाव:पहली लिस्ट के बाद भाजपा में दंगल,टिकट कटने पर रोईं पूर्व मंत्री, तीन नेताओं ने छोड़ी पार्टी

05 Sep 2024 |  57





चंडीगढ़।हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने 67 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट बुधवार रात को ही जारी की है।पहली लिस्ट को जारी हुए अभी 24 घंटे भी नहीं हुए हैं और भाजपा में विरोध के स्वर बुलंद होने लगे हैं। भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में कई नए चेहरों को मौका दिया है।टिकट न मिलने से नाराज चल रहे भाजपा के तीन बड़े नेताओं ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।इस लिस्ट में सबसे पहला नाम है कर्ण देव कांबोज का है।कंबोज वर्तमान में हरियाणा में भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष थे। कंबोज ने इंद्री से टिकट न मिलने के बाद भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।पार्टी पद से इस्तीफा देने वालों में रणजीत सिंह चौटाला और कविता जैन जैसे नाम भी शामिल हैं।

रणजीत चौटाला ने बुलाई कार्यकर्ताओं की बैठक

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला का भी नाम लिस्ट से गायब है।भाजपा की पहली लिस्ट से अपना नाम गायब होने के बाद रणजीत सिंह चौटाला ने अपने समर्थकों की एक बैठक बुलाई।कहा जा रहा है कि इस बैठक में चौटाला ने भविष्य की योजनाओं पर चर्चा भी की।कहा जा रहा है कि वह अब कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।इस लिस्ट में अगला नाम है सुखविंदर मांडी का है।कहा तो यहां तक जा रहा है कि भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रत्याशियों की पहली लिस्ट से खुश नहीं है। भाजपा में अब इस्तीफों का दौर जारी है।पहली लिस्ट आने के बाद से ही भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।उनका कहना है कि प्रत्याशियों के नाम तय करते समय पार्टी ने उनके नेताओं को तरजीह नहीं दी है।

नेताओं के टिकट कटने से नाराज हैं पदाधिकारी

भाजपा की पहली लिस्ट से कई बड़े नाम गायब हैं।इस लिस्ट में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन का टिकट कटने से नाराज पदाधिकारियों ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया है। इस लिस्ट के आने के बाद बुधवार रात तक कई पार्षदों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन पदाधिकारियों ने वीडियो जारी कर अपने इस्तीफे का ऐलान किया।टिकट कटने से कविता जैन इतनी आहत हुईं कि वो रो पड़ीं।

पांच मौजूदा विधायकों को भी नहीं मिला टिकट

भाजपा ने अपनी लिस्ट में कई मौजूदा विधायक को भी टिकट नहीं दिया है।इस लिस्ट में फरीदाबाद से नरेंद्र गुप्ता,रतिया से लक्ष्मण नापा,पलवल से दीपक मंगला,गुरुग्राम से सुधीर सिगंला और अटेली से सीता राम यादव शामिल हैं।दो सीटों पर प्रत्याशी बदले हैं।कोसली से लक्ष्मण यादव को रेवाड़ी भेजा है। यहां राव इंद्रजीत के समर्थन सुनील मुसेपुर का टिकट काट लक्ष्मण यादव को टिकट दिया है।वहीं कोसली में अनील डहीना को उतारा है।

More news