लखनऊ।योगी कैबिनेट में होने वाले विस्तार की खबरों को एक बार फिर बल मिला है।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के एक दिवसीय दौरे ने राजधानी लखनऊ में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।योगी कैबिनेट विस्तार की अटकलें फिर तेज हो गई हैं।
सोमवार को विनोद तावड़े लखनऊ में मंत्री दिनेश सिंह और पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह के यहां विवाह समारोह में शामिल होने आए थे।इस दौरान तावड़े ने प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह से बंद कमरे में लगभग एक घंटे तक गोपनीय बातचीत की। इसके बाद तावड़े ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से फोन पर भी मंत्रणा की और दिल्ली लौट गए।
सूत्रों के मुताबिक अप्रैल महीने के अंत तक योगी कैबिनेट विस्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। विनोद तावड़े की यह संक्षिप्त यात्रा कई सियासी संकेत छोड़ गई है।इससे पहले भी तावड़े लखनऊ आकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,दोनों उप मुख्यमंत्रियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर अपनी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंप चुके हैं।दिल्ली में हाल ही में पार्टी नेतृत्व स्तर पर बैठकों में संगठन में बदलाव,मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-बोर्डों में समायोजन पर मंथन हुआ था। माना जा रहा है कि तावड़े का यह दौरा अंतिम दौर की रणनीतिक चर्चा का हिस्सा है।