पंचायत चुनाव में क्यों हो रही देरी,मंत्री राजभर ने कर दिया साफ,बोले-मतपत्र भी छप चुके हैं
पंचायत चुनाव में क्यों हो रही देरी,मंत्री राजभर ने कर दिया साफ,बोले-मतपत्र भी छप चुके हैं

16 Apr 2026 |   8



 

बलिया।योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर बुधवार को बलिया में बेल्थरारोड क्षेत्र के टंगुनिया स्थित पूर्व सांसद स्व. हरिनारायण राजभर के पैतृक आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।राजभर ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और पूर्व सांसद के निधन को पूर्वांचल की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ओपी राजभर ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की सराहना की।राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रयास से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश किए जा रहे हैं।

ओपी राजभर ने कहा कि इस कानून के लागू होने पर लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही लोकसभा सीटों की संख्या में भी वृद्धि होगी।

विपक्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा और उन्हें महिला विरोधी बताया।ओपी राजभर ने कहा कि जो लोग अपनी पत्नी पर एक मौलाना द्वारा की गई विवादित टिप्पणी पर भी चुप रहे,वह नारी शक्ति के सच्चे समर्थक नहीं हो सकते।

पंचायत चुनाव से जुड़े सवाल पर ओपी राजभर ने कहा कि वे चाहते हैं कि चुनाव समय पर हों और इसके लिए मतपत्र भी छप चुके हैं,लेकिन उच्च न्यायालय में लंबित याचिका के कारण मामला न्यायाधीन है। 

इस मौके पर एमएलसी बिच्छीलाल राजभर,सुभासपा के महासचिव शिवेंद्र बहादुर सिंह,पार्टी नेता प्रवीण प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More news